23 महीने बाद जेल से रिहा हुए आजम खान, रिहाई पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

  • Post By Admin on Sep 23 2025
23 महीने बाद जेल से रिहा हुए आजम खान, रिहाई पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

सीतापुर : समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान मंगलवार दोपहर 23 महीने बाद सीतापुर जेल से रिहा हो गए। उनकी रिहाई को लेकर जिला प्रशासन ने जेल परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और ड्रोन से निगरानी भी की गई।

आजम खान की रिहाई सुबह होनी थी, लेकिन बेल बॉन्ड में पते की त्रुटि सामने आने के कारण प्रक्रिया अटक गई। दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें दोपहर में जेल से बाहर लाया गया। वे कड़ी सुरक्षा के बीच गाड़ी से जेल परिसर से रवाना हुए।

उनकी रिहाई के दौरान परिजन सीतापुर में मौजूद रहे, जबकि जेल के बाहर सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। हालांकि, धारा 144 लागू होने के चलते समर्थकों की भीड़ को पुलिस ने नियंत्रित किया। नवरात्रि की भीड़ के बीच जेल रोड पर जाम की स्थिति बनी, जिसे पुलिस ने सख्ती से हटाया। इस दौरान नियम तोड़ने वाले वाहनों के चालान भी काटे गए।

सीओ सिटी विनायक भोसले ने बताया, "सीतापुर की सड़कें संकरी हैं। नवरात्रि की वजह से पहले ही भीड़भाड़ है। बिना वजह रुकने की इजाजत नहीं दी गई। धारा 144 का पालन कराया जा रहा है और भीड़ को हटाया जा रहा है।"

गौरतलब है कि आजम खान पर जमीन कब्जा से लेकर कई अन्य मामलों में कुल 72 केस दर्ज थे। इनमें उन्हें क्रमशः जमानत मिल चुकी है। अक्टूबर 2023 से वे सीतापुर जेल में बंद थे। अब रिहाई के साथ ही उनके सियासी भविष्य को लेकर चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।