बॉलीवुड की नजर बिहार पर, अभिनेता सुनील शेट्टी करेंगे अक्टूबर से शूटिंग

  • Post By Admin on Aug 11 2026
बॉलीवुड की नजर बिहार पर, अभिनेता सुनील शेट्टी करेंगे अक्टूबर से शूटिंग

पटना : बिहार में फिल्म उद्योग और फिल्म पर्यटन को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने राज्य में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर से बिहार में फिल्म की शूटिंग शुरू होगी, जबकि लोकेशन चयन के लिए उनकी टीम अगले सप्ताह राज्य का दौरा करेगी।

सोमवार को अभिनेता सुनील शेट्टी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर बिहार में फिल्म निर्माण की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक स्थलों और तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे की सराहना करते हुए बिहार में फिल्म निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित फिल्म की शूटिंग 50 से 60 दिनों तक चल सकती है। इसके लिए पश्चिम चंपारण, राजगीर, नालंदा, बोधगया, कैमूर, नवादा और पटना समेत एक दर्जन से अधिक स्थानों को संभावित लोकेशन के रूप में देखा जा रहा है। इससे बिहार के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

सुनील शेट्टी ने कहा कि बिहार में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदी सिनेमा के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश का दर्शक वर्ग बेहद महत्वपूर्ण है और इन राज्यों में किसी फिल्म को अच्छा प्रतिसाद मिलने पर उसके सफल होने की संभावना काफी बढ़ जाती है। हालांकि सुनील शेट्टी ने अपनी फिल्म के नाम और विषय का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उनके इस ऐलान को बिहार में उभरते फिल्म उद्योग के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। फिल्म की लोकेशन तय होने के बाद राज्य में सिनेमा और फिल्म पर्यटन के नए अवसरों का मार्ग और अधिक प्रशस्त होने की उम्मीद है।

बिहार सरकार की फिल्म प्रोत्साहन नीति भी निर्माताओं को आकर्षित कर रही है। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी के अनुसार राज्य में फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए 4 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। स्थानीय कलाकारों को रोजगार देने पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी उपलब्ध कराई जाती है। सरकार के आंकड़ों के अनुसार अब तक 50 से अधिक फिल्मों की शूटिंग के लिए एनओसी जारी की जा चुकी है। भोजपुरी, मैथिली, मगही, अंगिका और बज्जिका जैसी क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों को 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है, जबकि हिंदी और अंग्रेजी फिल्मों के लिए भी विशेष प्रोत्साहन व्यवस्था लागू है।

विशेषज्ञों का मानना है कि बड़े बजट की फिल्म की शूटिंग से राज्य के स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, कैमरा टीम, मेकअप आर्टिस्ट, सेट डिजाइनरों और अन्य फिल्मकर्मियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही होटल, परिवहन, खानपान और पर्यटन से जुड़े व्यवसायों को भी सीधा लाभ पहुंचेगा।