थाईलैंड में डॉक्टर की पत्नी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
- Post By Admin on Jan 15 2025

लखनऊ : थाईलैंड के एक होटल के कमरे में डॉक्टर आशीष श्रीवास्तव की पत्नी प्रियंका शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद प्रियंका का शव मंगलवार देर रात लखनऊ पहुंचा। परिजनों ने इस मामले में प्रियंका के पति पर हत्या का आरोप लगाया है।
लखनऊ के वृंदावन योजना स्थित एल्डिको सौभाग्यम निवासी डॉक्टर आशीष श्रीवास्तव अपनी पत्नी प्रियंका और तीन वर्षीय बेटे प्रियांश के साथ 4 जनवरी को थाईलैंड गए थे। 8 जनवरी को सुबह करीब 3 बजे आशीष ने प्रियंका के पिता सत्यनारायण शर्मा को फोन कर बताया कि प्रियंका की बाथटब में डूबने से मौत हो गई है।
सत्यनारायण शर्मा पीजीआई से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने दावा किया कि प्रियंका की मौत के सात घंटे पहले आशीष ने एक वीडियो भेजा था। इस वीडियो में प्रियंका कहती नजर आईं कि यहां सच्चे प्यार करने वालों की कद्र नहीं होती।
परिजनों ने बताया कि वीडियो में प्रियंका के बेटे का मसाज कराया जा रहा था, लेकिन इसमें पति-पत्नी नजर नहीं आ रहे थे। उनका कहना है कि प्रियंका अपने पति के प्रेम संबंधों से परेशान थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि आशीष का एक युवती के साथ संबंध था जिसे वह दुधवा घूमाने भी ले गया था।
प्रियंका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी को धोखे से थाईलैंड ले जाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आशीष ने प्रियंका की आईडी का इस्तेमाल कर अपनी प्रेमिका को होटल में ठहराया था। जब प्रियंका को यह बात पता चली तो दोनों के बीच विवाद हुआ।
प्रियंका के पिता ने बताया कि जब उन्होंने घटना के बारे में आशीष के पिता राधा रमण श्रीवास्तव से बात की तो वे भड़क गए। बोलने लगे कि सारा खर्चा मैं कर रहा हूं, तुम क्या कर रहे हो। इसके बाद दोनों में कहासुनी हुई। आरोप है कि बेटी की मौत पर ससुराल वाले रुपये खर्च होने की बात कर रहे हैं। आशीष के पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में कार्यरत थे।
थाईलैंड के डॉक्टरों ने प्रियंका की मौत का कारण कार्डियोपलमोनरी फेल होना बताया। परिजनों को व्हाट्सएप पर इसकी रिपोर्ट भेजी गई, लेकिन उन्होंने इस पर भरोसा करने से इनकार कर दिया। सत्यनारायण शर्मा ने लखनऊ पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पीजीआई थाने की पुलिस ने डॉ. आशीष श्रीवास्तव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि परिजनों की मांग पर प्रियंका के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाई की जाएगी।
मंगलवार रात प्रियंका का शव लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर पहुंचा। पुलिस ने शव को परिजनों को सौंपने से मना कर दिया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।