मोहन भागवत के बयान पर कांग्रेस का तीखा प्रहार, खरगे बोले हिंदुस्तान में घूमना मुश्किल हो जाएगा
- Post By Admin on Jan 15 2025

नई दिल्ली : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के हालिया बयान पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद राहुल गांधी ने भागवत की ‘सच्ची स्वतंत्रता’ वाले बयान को देश के स्वतंत्रता संग्राम का अपमान करार दिया। उन्होंने इस बयान को न केवल शर्मनाक बताया, बल्कि यह भी चेतावनी दी कि यदि भागवत इसी प्रकार के बयान देते रहे तो देश में उनका घूमना-फिरना मुश्किल हो जाएगा।
भागवत के बयान पर बवाल
सोमवार को मोहन भागवत ने कहा था कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तिथि ‘प्रतिष्ठा द्वादशी’ के रूप में मनाई जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भारत को ‘सच्ची स्वतंत्रता’ इसी दिन मिली थी। उनके इस बयान ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया।
खरगे ने कांग्रेस मुख्यालय के उद्घाटन के मौके पर पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए कहा, "यह शर्म की बात है कि आजादी के 77 साल बाद भी आरएसएस प्रमुख इसे स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उन्हें आजादी का महत्व इसलिए समझ नहीं आता क्योंकि उनके वैचारिक पूर्वजों ने स्वतंत्रता संग्राम में कोई योगदान नहीं दिया।"
खरगे की चेतावनी
खरगे ने भागवत पर तीखा हमला करते हुए कहा, "भागवत जैसे बयान देते रहे तो हिंदुस्तान में उनका घूमना-फिरना मुश्किल हो जाएगा। यह बयान स्वतंत्रता सेनानियों और देश की आजादी का अपमान है।" उन्होंने आगे कहा कि आरएसएस और भाजपा के नेताओं को 1947 में मिली आजादी का महत्व नहीं पता क्योंकि उनके संगठन ने कभी इस संघर्ष में हिस्सा नहीं लिया।
राहुल गांधी का कड़ा रुख
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी इस बयान को लेकर मोहन भागवत पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "भागवत का बयान राजद्रोह के समान है। उनका यह कहना कि देश को सच्ची आजादी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन मिली, संविधान और स्वतंत्रता संग्राम का अपमान है। किसी और देश में ऐसा बयान देने वाले को गिरफ्तार कर लिया जाता।"
कांग्रेस मुख्यालय का उद्घाटन और संदेश
कांग्रेस के नए मुख्यालय के उद्घाटन के मौके पर पार्टी नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि यह कार्यालय लोकतंत्र की नई पाठशाला साबित होगा। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, यह मुख्यालय उस इलाके में बना है, जहां हमारे नायकों ने देश की आजादी के लिए सपने देखे थे। यह कार्यालय हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।