लखीसराय में एमएसएमई उद्यमियों के लिए एनपीएस जागरूकता कार्यशाला आयोजित

  • Post By Admin on Mar 17 2026
लखीसराय में एमएसएमई उद्यमियों के लिए एनपीएस जागरूकता कार्यशाला आयोजित

लखीसराय : सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) से जुड़े उद्यमियों को सामाजिक सुरक्षा और दीर्घकालीन वित्तीय योजना के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लखीसराय में राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स तथा पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (पीएफआरडीए) के संयुक्त तत्वावधान में होटल डीआरएस डीलक्स में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में पीएफआरडीए के असिस्टेंट जनरल मैनेजर सचिन गोयल विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने एनपीएस की विशेषताओं, लाभों, कर छूट और एमएसएमई व स्वरोजगार से जुड़े उद्यमियों के लिए इसकी उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनपीएस एक सुरक्षित, पारदर्शी और लचीली पेंशन योजना है, जो भविष्य की वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स, बिहार स्टेट काउंसिल के सदस्य एवं डीआरएस सोलर प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुधा रंजन कुमार ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र के लिए पेंशन योजनाओं के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है और एनपीएस इस दिशा में एक प्रभावी विकल्प है।

उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत लोग अपने घरों की छत पर सोलर सिस्टम लगाकर बिजली बिल में बचत कर सकते हैं और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दे सकते हैं। उन्होंने उद्यमियों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में स्थानीय उद्योगपतियों, एमएसएमई उद्यमियों, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों और विभिन्न संस्थानों के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। इस दौरान प्रतिभागियों के सवालों के जवाब दिए गए और एनपीएस में पंजीकरण की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई।

कार्यशाला का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर एसबीआई पेंशन फंड के क्षेत्रीय प्रबंधक नीरज कुमार, रिलेशन मैनेजर अमन कुमार आकाश समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।