समाजसेवा की मिसाल बनीं नीता अंबानी, ह्यूमैनिटेरियन अवॉर्ड 2025 से सम्मानित

  • Post By Admin on Mar 17 2026
समाजसेवा की मिसाल बनीं नीता अंबानी, ह्यूमैनिटेरियन अवॉर्ड 2025 से सम्मानित

भुवनेश्वर : देश की प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी नीता अंबानी को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (KISS) द्वारा प्रतिष्ठित ‘ह्यूमैनिटेरियन अवॉर्ड 2025’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके समाजसेवा, मानवीय मूल्यों के संरक्षण और विभिन्न क्षेत्रों में किए गए व्यापक योगदान को मान्यता देते हुए प्रदान किया गया।

यह सम्मान समारोह बेहद भव्य और भावनात्मक माहौल में आयोजित हुआ, जहां श्रीलंका के नोबेल पुरस्कार विजेता प्रो. मोहन मुनासिंघे और KISS, KIIT एवं KIMS के संस्थापक डॉ. अच्युत सामंत ने संयुक्त रूप से उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। समारोह में हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया।

नीता अंबानी को यह सम्मान शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कला एवं संस्कृति के साथ-साथ रिलायंस फाउंडेशन के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके निरंतर और प्रभावशाली प्रयासों के लिए दिया गया। उनके नेतृत्व में रिलायंस फाउंडेशन ने देश के दूरदराज के क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

समारोह की विशेष आकर्षण करीब 40 हजार आदिवासी छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। इन विद्यार्थियों ने पारंपरिक परिधानों में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और पारंपरिक नृत्य के जरिए नीता अंबानी का जोरदार स्वागत किया। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां हर तरफ सांस्कृतिक विविधता और उत्साह झलक रहा था।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नीता अंबानी का कार्य केवल कॉर्पोरेट क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए ठोस और स्थायी पहल की है। उनके प्रयासों ने शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में नई दिशा दी है।

समारोह के अंत में आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के सम्मान से समाजसेवा के क्षेत्र में काम करने वाले अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी और देश में समावेशी विकास को बढ़ावा मिलेगा।