सिपाही भर्ती परीक्षा में कदाचार पर जीरो टॉलरेंस, डीएम ने जारी किए सख्त निर्देश
- Post By Admin on Jun 23 2026
लखीसराय : केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा 24 जून 2026 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर मंगलवार को जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़ी सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति की गई है तथा संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा एक ही पाली में दो प्रश्न-पत्रों के माध्यम से आयोजित होगी। प्रथम प्रश्न-पत्र का समय सुबह 10:00 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय प्रश्न-पत्र का समय दोपहर 12:00 बजे से 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। दोनों परीक्षाएं लगातार एक ही बैठक में संपन्न होंगी।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 8:00 बजे निर्धारित किया है, जबकि परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अंतिम समय-सीमा सुबह 9:00 बजे तय की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र एवं वैध फोटो पहचान पत्र के साथ समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। लखीसराय जिले के कुल नौ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, संदिग्ध गतिविधियों एवं अवैध जमावड़े पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पदाधिकारी ने बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक से संबंधित किसी भी त्रुटि का सत्यापन सेंटर सुपरिटेंडेंट द्वारा किया जाएगा, जबकि सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित करेंगे कि बायोमेट्रिक जांच पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप हो, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना समाप्त हो सके। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के कदाचार, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग अथवा अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा में शामिल हों और निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन में सहयोग करें।बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री शिवम कुमार, स्थापना उप समाहर्ता श्री शशि कुमार, पुलिस उपाध्यक्ष मुख्यालय, पुलिस उपाध्यक्ष साइबर सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।