लखीसराय के जनजातीय इलाकों में विकास का रोडमैप तैयार, डीएम ने अधिकारियों को सौंपे अहम दायित्व
- Post By Admin on Jun 23 2026
लखीसराय : जनजातीय बहुल क्षेत्रों के समग्र एवं सतत विकास को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनजातीय इलाकों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, पर्यटन विकास, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और स्थानीय आजीविका को सशक्त बनाने पर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने बताया कि उन्होंने स्वयं गोबरदाह, दुग्धम, टाली कोरासी सहित कई जनजातीय क्षेत्रों का भ्रमण किया है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इन क्षेत्रों में पेयजल की गंभीर समस्या है और बड़ी संख्या में ग्रामीण झरनों के पानी पर निर्भर हैं, जिसका उपयोग वे पीने से लेकर दैनिक कार्यों तक करते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनजातीय क्षेत्रों के लगभग 32 गांवों का सर्वेक्षण कर शीघ्र स्थायी जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि दुग्धम क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध है और इसे डलहौजी की तर्ज पर एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने “बिहार दर्शन” योजना के तहत इन क्षेत्रों को पर्यटन मानचित्र से जोड़कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर सृजित करने पर जोर दिया।
बैठक में सभी विभागों को निर्देश दिया गया कि सरकारी योजनाओं का लाभ जनजातीय क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। जैविक खेती को बढ़ावा देने, स्थानीय उत्पादों की जियो टैगिंग कराने तथा देसी नस्ल के पशुओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विशेष पहल करने का निर्देश दिया गया। पहाड़ी क्षेत्रों में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी को प्रदूषण रहित विद्युत चालित वाहनों की व्यवस्था करने को कहा गया। साथ ही सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना एवं बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के सभी पात्र लाभुकों को लाभ उपलब्ध कराने के लिए सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। वहीं खेल प्रतिभा खोज कार्यक्रम के तहत जनजातीय युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए जिला खेल पदाधिकारी को विशेष पहल करने को कहा गया। बैठक में राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड वितरण में तेजी लाने, जीविका समूहों के माध्यम से नेटवर्क विस्तार करने तथा सूर्यगढ़ा प्रखंड के बरियारपुर स्थित दुग्ध ग्राम को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर भी बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सोलर सैटेलाइट आधारित सुविधाओं की स्थापना कर जनजातीय क्षेत्रों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनजातीय बहुल क्षेत्रों के समग्र विकास को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री शिवम कुमार, प्रभारी पदाधिकारी पर्यटन श्री शशि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्रीमती पम्मी रानी, जिला उद्यान पदाधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र श्री रूपेश कुमार झा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री मृणाल रंजन, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी श्री रूपेश कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्री धीरज कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।