डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि, राष्ट्रवाद के आदर्शों को किया नमन

  • Post By Admin on Jun 23 2026
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि, राष्ट्रवाद के आदर्शों को किया नमन

लखीसराय : भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भारतीय जनता पार्टी, लखीसराय की ओर से पुराना बाजार धर्मशाला में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके राष्ट्रसेवा के योगदान को स्मरण किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मुकुल सिंह ने की, जबकि संचालन ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष विकास आनंद ने किया। मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण की अमूल्य विरासत है। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। जिला महामंत्री सनोज साहू ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान राष्ट्रहित के प्रति अटूट निष्ठा और समर्पण का प्रतीक है। जिला उपाध्यक्ष गौतम मंडल ने उनके विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए कहा कि उनके आदर्श राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन करते हैं। वहीं जिला मंत्री हिमांशु पटेल ने उन्हें राष्ट्रवाद और जनसेवा की भावना का प्रेरणास्रोत बताया।

श्रद्धांजलि सभा में जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, जिला प्रवक्ता मनोरंजन कुमार, जिला महामंत्री प्रमोद कुशवाहा, नीरज गुप्ता, धन्नजय विभोर, ओम प्रकाश साहू, प्रेम किशन, मनीष चौरसिया, गौरी शंकर कपूर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प भी लिया।