अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बीआरएबीयू में योगाभ्यास, विद्यार्थियों ने सीखे आसन और प्राणायाम

  • Post By Admin on Jun 20 2026
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बीआरएबीयू में योगाभ्यास, विद्यार्थियों ने सीखे आसन और प्राणायाम

मुजफ्फरपुर : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के अवसर पर बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू), मुजफ्फरपुर के नवीन अतिथि गृह परिसर में आयोजित तीन दिवसीय योग शिविर के द्वितीय दिवस का योगाभ्यास शनिवार को संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम कुलपति के निर्देश एवं उनकी अध्यक्षता में आयोजित किया जा रहा है। शिविर के दूसरे दिन की शुरुआत सुबह 6:30 बजे विश्वविद्यालय के अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों की उपस्थिति में हुई। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलानुशासक (प्रॉक्टर) प्रो. रबीन्द्र कुमार चौधरी, भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. लल्लन कुमार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की समन्वयक डॉ. अनुराधा पाठक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

योगाभ्यास के लिए पश्चिम चंपारण से आए योग प्रशिक्षक रितेश कुमार ने प्रतिभागियों को निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रशिक्षण दिया। उन्होंने शांतिपाठ के साथ सत्र की शुरुआत कर ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन, भुजंगासन समेत विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। इसके अलावा अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम भी कराया गया। योग प्रशिक्षक रितेश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सूर्य नमस्कार के महत्व और उससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों से नियमित योगाभ्यास करने का आह्वान किया।

शिविर में विश्वविद्यालय के कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक तथा विश्वविद्यालय स्थित पुरुष छात्रावास के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे मनोयोग और अनुशासन के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह तीन दिवसीय शिविर विद्यार्थियों और कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।