दर्शनशास्त्र विभाग में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग शिविर, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान
- Post By Admin on Jun 21 2026
मुजफ्फरपुर : बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के दर्शनशास्त्र विभाग में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. निखिल रंजन प्रकाश की अध्यक्षता में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग दिवस की इस वर्ष की थीम "स्वस्थ आयु हेतु योग" पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर प्रो. सरोज कुमार वर्मा ने वर्तमान जीवनशैली में रोगमुक्त और संतुलित जीवन के लिए योग के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
योग प्रशिक्षक स्वामी चेतन्य बिंदु ने विद्यार्थियों, छात्राओं एवं अन्य उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया और उन्हें योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि नियमित योग से तनाव कम होता है तथा स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली विकसित होती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया।