अश्लील, द्विअर्थी और जातिसूचक गीतों पर सख्ती, उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्यवाई 

  • Post By Admin on Jun 21 2026
अश्लील, द्विअर्थी और जातिसूचक गीतों पर सख्ती, उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्यवाई 

लखीसराय : बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के निर्देशों के अनुपालन में लखीसराय जिला प्रशासन ने सार्वजनिक स्थलों, आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अश्लील, द्विअर्थी एवं जातिसूचक गीतों के प्रसारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे गीतों के प्रसारण पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी और नियमों के उल्लंघन पर संबंधित व्यक्तियों एवं आयोजकों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिले में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रमों, विवाह समारोहों, सांस्कृतिक आयोजनों, बाजारों, वाहनों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बजाए जाने वाले गीतों और ऑडियो सामग्री की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से ऐसे गीतों पर रोक लगाने के लिए कहा गया है, जिनमें अश्लीलता, महिलाओं एवं बच्चों के प्रति अपमानजनक भाषा या किसी जाति विशेष के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां शामिल हों। जिला प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार के गीत सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक मूल्यों और सार्वजनिक शिष्टाचार के विपरीत हैं। इनसे समाज में वैमनस्य, असहिष्णुता और सामाजिक विकृतियों को बढ़ावा मिलता है तथा युवाओं और बच्चों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। प्रशासन ने बिहार की समृद्ध लोक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के लिए स्वस्थ और सकारात्मक सांस्कृतिक वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया है।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों, सामाजिक संगठनों और आयोजनकर्ताओं से अपील की है कि वे सामाजिक सौहार्द, सांस्कृतिक मर्यादा और सभ्य समाज के निर्माण में सहयोग करें तथा अश्लील, द्विअर्थी एवं जातिसूचक गीतों के प्रसारण से परहेज करें। प्रशासन का मानना है कि सभी नागरिकों के सामूहिक सहयोग से ही स्वस्थ, सुरक्षित और संस्कारित सामाजिक वातावरण का निर्माण संभव है।