भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में सामूहिक योगाभ्यास, योग से निरोगी जीवन का संदेश
- Post By Admin on Jun 21 2026
मुजफ्फरपुर : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, सदातपुर में योग के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। 19 जून को महाविद्यालय परिसर में भव्य योग सत्र का आयोजन किया गया, जबकि 21 जून को ऑनलाइन कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को योग के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद शारीरिक शिक्षा के सहायक प्राध्यापक प्रबाल बेरा के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने में सहायक है।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग करने का संकल्प लेने और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी रामजी यादव ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से तनाव से मुक्ति मिलती है, एकाग्रता में वृद्धि होती है और बेहतर नींद प्राप्त होती है। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वयं योग करने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर डीएलएड विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश चंद्र ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. मीन्नी कुमारी, डॉ. अनामिका रानी, डॉ. सौरभ कुमार, डॉ. हितेंद्र कुमार, सरोज कुमार, शैलेन्द्र मिश्रा, संजय गुप्त, मनोज कुमार, कार्यालय प्रमुख सतीश चंद्र, इंद्रभूषण, दीपक तथा महाविद्यालय के सभी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया।