रफ्तार का कहर, सड़क हादसे में महिला की मौत
- Post By Admin on Nov 23 2024

लखीसराय : जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक खुशहाल परिवार की दुनिया उजाड़ दी। नगर थाना क्षेत्र के लखीसराय बाईपास पर हुए इस हादसे में करारी पिपरिया निवासी विकास कुमार की पत्नी चंदानी कुमारी की जान चली गई। दंपत्ति बाइक पर सवार होकर लखीसराय से अपने गांव लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयंकर था कि चंदानी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही बेहोश हो गईं। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और उन्हें पास के निजी क्लिनिक ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इस हादसे के बाद मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चंदानी के असमय निधन से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।