मंडल में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस

  • Post By Admin on Nov 23 2024
मंडल में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस

समस्तीपुर : शुक्रवार को समस्तीपुर मंडल के डीआरएम विनय श्रीवास्तव ने शहीद बिरसा मुंडा की तरवीर पर माल्यार्पण करके उन्हें श्रद्धांजलि दी। शहीद बिरसा मुंडा ने अपनी जान की कुर्बानी देकर आदिवासी समुदाय के अधिकारों की लड़ाई लड़ी थी। कतिपय कारणों से मंडल में 15 नवंबर के स्थान पर 22 नवंबर को यह दिवस मनाया गया। बिरसा मुंडा के जन्मदिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। वह एक आदिवासी नेता थे। जिन्होंने ब्रिटिश सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने अपने समुदाय के लोगों को संगठित किया और उन्हें अपने अधिकारों के लिए लड़ने के लिए प्रेरित किया।

समस्तीपुर मंडल के डीआरएम विनय श्रीवास्तव ने श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कहा कि इस दिन हम शहीद बिरसा मुंडा की वीरता और बलिदान को याद करते हैं और उनके द्वारा किए गए कार्यों को सलाम करते हैं। हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेते हैं और उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। लोग उन्हें "धरती आबा" बिरसा मुंडा के नाम से याद करते हैं। इस अवसर पर मंडल के अन्य सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने भी उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर के श्रद्दांजलि अर्पित की।