योग के साथ महिला सशक्तिकरण की पहल, शर्मा गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
- Post By Admin on Jun 21 2026
लखीसराय : विश्व योग दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय, विकासार्थ ट्रस्ट एवं पतंजलि योगपीठ के संयुक्त तत्वावधान में तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से रामगढ़चौक प्रखंड के शर्मा गांव में योग शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत के पूर्व मुखिया सह वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि पंकज सिंह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंकज सिंह, महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी, योग शिक्षिका सिमरन कुमारी, विकासार्थ ट्रस्ट के जिला समन्वयक संजय कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी एवं केस वर्कर निभा कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।योग शिक्षिका सिमरन कुमारी ने महिलाओं, किशोरियों एवं ग्रामीणों को अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भस्त्रिका, भ्रामरी, शवासन, वज्रासन, ताड़ासन एवं वृक्षासन सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ और सशक्त बनाने के साथ-साथ मानसिक तनाव को कम करता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने विश्व योग दिवस के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था, जिसके बाद वर्ष 2015 से हर साल यह दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, महिला हेल्पलाइन-181, महिला सशक्तिकरण केंद्र, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की भी विस्तृत जानकारी दी गई। सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं एवं किशोरियों के लिए उपलब्ध निःशुल्क सहायता सेवाओं की जानकारी साझा की।
लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए इसके उन्मूलन का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। समापन अवसर पर पंकज सिंह ने सभी लोगों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की मजबूत नींव है। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका अनिता कुमारी, रीता देवी, रानी कुमारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, किशोरियां, किशोर एवं आंगनबाड़ी के बच्चे उपस्थित रहे।