सखी वार्ता कार्यक्रम में महिलाओं को किया गया जागरूक, बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ

  • Post By Admin on Jun 17 2026
सखी वार्ता कार्यक्रम में महिलाओं को किया गया जागरूक, बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से बुधवार को बड़हिया प्रखंड के एजनीघाट गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-157 में सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया श्रीमती प्रतिमा देवी ने की।

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास निगम की पहल के तहत प्रत्येक सप्ताह सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं की समस्याओं के समाधान एवं उन्हें विभिन्न विभागों की योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, महिला हेल्पलाइन 181, महिला सशक्तिकरण केंद्र, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में शक्ति सदन की आवासीय अधीक्षिका निभा कुमारी ने मानव तस्करी, ट्रैफिकिंग, घरेलू हिंसा अथवा अन्य प्रकार की विपरीत परिस्थितियों का सामना कर रही महिलाओं एवं किशोरियों के लिए उपलब्ध आश्रय एवं सहायता सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शक्ति सदन में जरूरतमंद महिलाओं को सुरक्षित आवास के साथ-साथ दैनिक जीवन की आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।

वहीं लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए लोगों से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह रोकथाम के लिए सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। अंत में पंचायत की मुखिया श्रीमती प्रतिमा देवी ने सभी प्रतिभागियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी सेविका अनिता कुमारी, रूबी देवी, स्वच्छता पर्यवेक्षक विमली देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।