ड्रग फ्री इंडिया अभियान को लेकर डालसा की पहल, विद्यालयों में चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम

  • Post By Admin on Jun 17 2026
ड्रग फ्री इंडिया अभियान को लेकर डालसा की पहल, विद्यालयों में चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम

लखीसराय : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देशानुसार ड्रग एब्यूज एवं अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), लखीसराय के प्रकोष्ठ में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के मार्गदर्शन में किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री विधानन्द सागर ने की।

बैठक में उच्च विद्यालय हलसी, उच्च विद्यालय बड़हिया, केआरके उच्च विद्यालय लखीसराय, परियोजना बालिका उच्च विद्यालय सूर्यगढ़ा, मेघराज मिश्री प्रसाद उच्च विद्यालय बालीपुर, उच्च विद्यालय तरहरी तथा श्रीकृष्ण उच्च विद्यालय डकरा के प्रधानाचार्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर डालसा कर्मी नेहा सक्सेना तथा पीएलवी प्रकाश कुमार एवं स्नेह कुमार भी मौजूद थे। बैठक को संबोधित करते हुए सचिव श्री विधानन्द सागर ने कहा कि विद्यालय स्तर पर नशे की लत और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि ड्रग फ्री इंडिया अभियान के तहत विद्यालयों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान के अंतर्गत मानव श्रृंखला, निबंध प्रतियोगिता, पेंटिंग, स्लोगन लेखन, नुक्कड़ नाटक तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री और अन्य दृश्य-श्रव्य माध्यमों के जरिए भी विद्यार्थियों को नशामुक्ति और मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। बैठक में सभी विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया तथा विद्यार्थियों के बीच जागरूकता बढ़ाने हेतु प्रभावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया।