विश्व मरुस्थलीकरण एवं सूखा दिवस पर पर्यावरण भारती द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

  • Post By Admin on Jun 17 2026
विश्व मरुस्थलीकरण एवं सूखा दिवस पर पर्यावरण भारती द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

लखीसराय : विश्व मरुस्थलीकरण एवं सूखा दिवस तथा समाजसेवी स्वर्गीय बुद्धदेव आर्य की पुण्य स्मृति में बुधवार को केआरके मैदान परिसर, नया बाजार में पर्यावरण भारती के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पीपल के तीन, पाकड़ का एक तथा तुलसी का एक पौधा लगाया गया। पौधारोपण अभियान का नेतृत्व पर्यावरण भारती के लखीसराय जिला संयोजक उदय कुमार रजक ने किया। इस अवसर पर रूपेश कुमार एवं प्रशांत कुमार यदुवंशी ने भी सक्रिय सहयोग दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि स्वर्गीय बुद्धदेव आर्य समाजसेवा, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। वे अपने समाज के 17 पुर के अध्यक्ष रहे तथा सामाजिक कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तित्व की स्मृति में पौधारोपण करना एक सार्थक और स्मरणीय कार्य है। राम बिलास शाण्डिल्य ने विश्व मरुस्थलीकरण एवं सूखा दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 1994 में पहली बार इस दिवस को मनाने की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य मरुस्थलीकरण, भूमि क्षरण और सूखे के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा इसके समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।

उन्होंने कहा कि अनियंत्रित पेड़ कटाई और बढ़ते पर्यावरणीय असंतुलन के कारण जलवायु परिवर्तन एवं ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याएं गंभीर रूप ले रही हैं। वर्तमान समय में किसानों को भी वर्षा की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों से वृक्षारोपण अभियान को जन आंदोलन बनाने तथा जल स्रोतों के संरक्षण की दिशा में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रमेश कुमार, पुष्पेन्द्र कुमार, केशव यदुवंशी, उदय रजक, प्रशांत कुमार यदुवंशी, बबलू कुमार, रूपेश कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, बाल्मीकि मोदी, विक्रम प्रसाद सहित अन्य लोगों ने भाग लेकर पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।