दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय में विद्या भारती का क्षेत्रीय अभ्यास वर्ग, उच्च शिक्षा की दिशा पर होगा मंथन
- Post By Admin on Oct 03 2026
मुजफ्फरपुर : विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, उत्तर बिहार प्रांत के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, गया में आयोजित होने वाले क्षेत्रीय अभ्यास वर्ग की बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हुए। इस अभ्यास वर्ग में उच्च शिक्षा की वर्तमान स्थिति, भविष्य की दिशा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में संगठन के कार्यों के विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
क्षेत्रीय अभ्यास वर्ग को उच्च शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सामूहिक चिंतन, अनुभव साझा करने और आगामी कार्ययोजना तैयार करने के मंच के रूप में देखा जा रहा है। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के विभिन्न आयामों और उसके प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ उच्च शिक्षा को भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और मूल्यों से जोड़ने के विषय पर भी चर्चा होगी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय स्वयं अपने शैक्षणिक कार्यक्रमों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विभिन्न प्रावधानों को लागू कर रहा है।
विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, उत्तर बिहार प्रांत के अध्यक्ष प्रो. रजनीश कुमार गुप्ता और सचिव डॉ. अमर बहादुर शुक्ला ने बताया कि क्षेत्रीय अभ्यास वर्ग के माध्यम से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में वर्तमान चुनौतियों और संभावनाओं पर सामूहिक रूप से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विभिन्न प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करने, भारतीय ज्ञान परंपरा एवं मूल्यों को उच्च शिक्षा से जोड़ने और बदलते शैक्षिक परिवेश के अनुरूप कार्यों को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान रहेगा। उन्होंने बताया कि अभ्यास वर्ग में विद्या भारती के केंद्रीय संगठन मंत्री श्री के.एन. रघुनंदन का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। इसके अलावा विद्या भारती के केंद्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में संचालित गतिविधियों, अब तक हुए कार्यों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं को लेकर मार्गदर्शन करेंगे।
विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के सह-सचिव डॉ. ललित किशोर ने कहा कि क्षेत्रीय अभ्यास वर्ग में उच्च शिक्षा को लेकर विद्या भारती के उद्देश्यों, कार्ययोजना और भविष्य की योजनाओं पर सामूहिक चिंतन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान शैक्षिक परिवेश में भारतीय दृष्टि, मूल्यपरक शिक्षा और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप उच्च शिक्षा के विकास के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना अभ्यास वर्ग का प्रमुख उद्देश्य है।
उत्तर बिहार प्रांत की ओर से इस क्षेत्रीय अभ्यास वर्ग में प्रो. रजनीश कुमार गुप्ता, डॉ. अमर बहादुर शुक्ला, डॉ. ललित किशोर, डॉ. राकेश कुमार पाल, डॉ. विजय सेन पांडे, डॉ. अंजनी कुमार झा, डॉ. विनोद कुमार बैठा, डॉ. पूजा तिवारी, डॉ. रीता शर्मा, श्री अभिषेक कुमार पाल, श्री सुरेंद्र प्रताप, डॉ. राकेश रंजन, डॉ. पूजा गुप्ता, प्रो. अंकज कुमार, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. विकास कुमार, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. पंकज रमन, डॉ. रविंद्र पाठक और डॉ. ऋतिक भारद्वाज सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।
क्षेत्रीय अभ्यास वर्ग के माध्यम से उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचारों और अनुभवों के आदान-प्रदान के साथ आगामी गतिविधियों की दिशा तय करने पर भी जोर रहेगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में उच्च शिक्षा के स्तर पर बहुविषयक शिक्षा, लचीली शैक्षणिक व्यवस्था, अनुसंधान और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ाव जैसे विषयों को महत्व दिया गया है।