ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय में वन महोत्सव, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण

  • Post By Admin on Jul 10 2026
ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय में वन महोत्सव, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण

मुजफ्फरपुर: वन महोत्सव के अवसर पर ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों ने सामूहिक पौधारोपण किया। इस दौरान महोगनी, पॉपुलस, जामुन, अमरूद, सागवान सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

मानसून की शुरुआत के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने विश्वास जताया कि बारिश के मौसम में लगाए गए पौधों का बेहतर विकास होगा। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पेड़ मानव जीवन का आधार हैं। वे न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने कहा कि यदि हम भावी पीढ़ी के लिए हरित और स्वस्थ पृथ्वी छोड़ना चाहते हैं तो प्रत्येक व्यक्ति को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें सभी नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के समन्वयक संतोष कुमार सहित महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे। रिमझिम बारिश के बीच सभी ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और वन महोत्सव मनाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।