मगध विकास लोक की पहल, चंदवारा विद्यालय में नाट्य कार्यशाला के जरिए बच्चों को मिला रंगमंच का प्रशिक्षण
- Post By Admin on Jul 10 2026
मुजफ्फरपुर: सांस्कृतिक संस्था मगध विकास लोक, कोसुत (पटना) की ओर से गुरु-शिष्य परंपरा के अंतर्गत शुक्रवार को राजकीयकृत मध्य विद्यालय, चंदवारा में नाट्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में संस्था के कलाकारों ने विद्यार्थियों को अभिनय, रंगमंच और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुरारी कुमार एवं शिक्षकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मुरारी कुमार ने कहा कि नाट्य कार्यशालाएं बच्चों में आत्मविश्वास, स्पष्ट एवं प्रभावी अभिव्यक्ति, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क तथा रचनात्मक सोच का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण से मंच का भय दूर होता है और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है। नाट्य प्रशिक्षक सुनील कुमार ने बताया कि नाट्य कार्यशाला केवल अभिनय सीखने तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह प्रतिभागियों को एक बेहतर कलाकार और आत्मविश्वासी व्यक्तित्व बनने की संपूर्ण प्रक्रिया से परिचित कराती है। इसमें अभिनय, रंगमंच, अभिव्यक्ति और संचार कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है। कार्यशाला के दौरान बच्चों ने कठपुतली कला के माध्यम से विभिन्न कहानियों और दृश्यों का निर्माण करना सीखा तथा अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इसके अलावा परिचय एवं आत्मविश्वास निर्माण, समूह में समन्वय, झिझक दूर करने के अभ्यास, मंच पर प्रभावशाली उपस्थिति, स्वर एवं वाणी प्रशिक्षण, संवाद अदायगी की तकनीक, भाव-भंगिमा, इम्प्रोवाइजेशन (तत्काल अभिनय), रचनात्मक खेल, शरीर की भाषा तथा मंच प्रस्तुति से जुड़े विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक मुरारी कुमार, सुनील कुमार सिंह, अब्दुल कलाम, सीमा कुमारी, हाजरा खातून, अनू जफर अंजुम, भारत भूषण द्विवेदी, मतुल कुमारी, प्रियंका कुमारी, आरिफा मंसूर, अमृता कुमारी, अंजली, नीतू कुमारी, आरफा जफर, रफाअत प्रबीन, विधिका, अभय रंजन तथा नाजनी बेगम सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।