सखी वार्ता कार्यक्रम में महिलाओं को स्वरोजगार, बचत और बाल विवाह रोकथाम के प्रति किया गया जागरूक
- Post By Admin on Jul 10 2026
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से रामगढ़ चौक प्रखंड के तेतरहट गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-57 पर साप्ताहिक ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं, वित्तीय साक्षरता और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने कहा कि महिला एवं बाल विकास निगम की पहल के तहत प्रत्येक सप्ताह सखी वार्ता का आयोजन कर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाती है। साथ ही संबंधित विभागों के समन्वय से उनकी समस्याओं के समाधान का भी प्रयास किया जाता है। उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला हेल्पलाइन 181, महिला सशक्तिकरण केंद्र, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और महिलाओं से इनका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार ने महिलाओं को नियमित बचत के महत्व से अवगत कराते हुए स्वरोजगार के अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उद्योग विभाग एवं आरसेटी के माध्यम से संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं। इसके अलावा साइबर ठगी से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई। लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा करते हुए समाज से इस कुप्रथा को समाप्त करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-57 की सेविका कल्पना कुमारी ने उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह रोकथाम की सामूहिक शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के अंत में कल्पना कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, आंगनबाड़ी सेविकाएं सावित्री देवी, रूबी देवी, राधा देवी तथा ग्रामीण महिलाएं अनीता देवी, किरण देवी, रेखा देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।