सीएम रेखा गुप्ता पर हमला करने वाला गिरफ्तार, सुरक्षा में चूक पर उठे सवाल

  • Post By Admin on Aug 20 2025
सीएम रेखा गुप्ता पर हमला करने वाला गिरफ्तार, सुरक्षा में चूक पर उठे सवाल

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह 'जन सुनवाई' के दौरान हुए हमले की जांच में बड़ी प्रगति हुई है। पुलिस ने हमलावर की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी 41 वर्षीय राजेश भाई खिमजी भाई सकारिया के रूप में की है और उसे सिविल लाइंस थाने में गिरफ्तार कर लिया है।

सूत्रों के अनुसार, हमलावर ने मुख्यमंत्री से मिलने के बहाने पहले उन्हें कुछ कागज दिए और एक अदालती मामले का हवाला दिया। इसके बाद अचानक वह भारी वस्तु फेंक कर हमला कर दिया, जिससे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जमीन पर गिर पड़ीं। घटना के तुरंत बाद उन्हें डॉक्टर की निगरानी में रखा गया और मुख्यमंत्री आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई।

पुलिस हमले के कारणों का पता लगाने के लिए राजेश से पूछताछ कर रही है। दिल्ली पुलिस ने गुजरात पुलिस के साथ संपर्क स्थापित किया है। इस घटना को मुख्यमंत्री की सुरक्षा में बड़ी चूक के तौर पर देखा जा रहा है और दिल्ली पुलिस कमिश्नर की अध्यक्षता में आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है।

जन सुनवाई हर बुधवार सुबह 7 बजे मुख्यमंत्री के राजनिवास मार्ग स्थित कैंप ऑफिस में होती है, जिसमें सीएम सभी उपस्थित लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलती हैं। घटना के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की जा रही है और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।