मुख्यमंत्री ने डीबीटी के माध्यम से पेंशनधारियों को दी बड़ी सौगात, लखीसराय में 96,219 लाभार्थियों को मिला लाभ
- Post By Admin on Jun 10 2026
लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में मंगलवार को बिहार के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को पेंशन राशि हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देखा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने की।
इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा राज्य के सभी जिलों के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित की गई। इस पहल का उद्देश्य समाज के कमजोर, असहाय, वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग नागरिकों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें। लखीसराय जिले में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के अंतर्गत 52,305 लाभार्थियों के बीच 6 करोड़ 23 लाख 43 हजार 100 रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। वहीं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 23,339 लाभार्थियों को 2 करोड़ 56 लाख 92 हजार 800 रुपये प्रदान किए गए।
इसके अलावा लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 8,543 लाभार्थियों को 96 लाख 53 हजार 800 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के अंतर्गत 2,862 लाभार्थियों को 31 लाख 85 हजार 700 रुपये की राशि उनके बैंक खातों में भेजी गई। बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के अंतर्गत 7,807 लाभार्थियों को 86 लाख 94 हजार 600 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के तहत 1,363 लाभार्थियों को 14 लाख 99 हजार 300 रुपये डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराए गए। इस प्रकार जिले के कुल 96,219 पेंशनधारियों के खातों में 11 करोड़ 10 लाख 69 हजार 300 रुपये की राशि हस्तांतरित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा नए पात्र व्यक्तियों को भी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।कार्यक्रम का समापन सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी साझा करने एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग धीरज कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस श्रीमती वंदना पाण्डेय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।