फॉर्मर रजिस्ट्री निर्माण में तेजी लाने पर जोर, कृषि मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

  • Post By Admin on Jun 10 2026
फॉर्मर रजिस्ट्री निर्माण में तेजी लाने पर जोर, कृषि मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

लखीसराय समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में मंगलवार को बिहार सरकार के माननीय कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में एग्री स्टैक परियोजना अंतर्गत संचालित फॉर्मर रजिस्ट्री कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान कृषि मंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना से जुड़े लाभुकों के भूमि सुधार मामलों का शीघ्र निष्पादन करते हुए फॉर्मर रजिस्ट्री तैयार करने के लिए संबंधित अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए सभी लंबित मामलों का त्वरित समाधान जरूरी है। मंत्री ने पंचायत स्तर पर राजस्व कर्मियों एवं कृषि कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक किसानों का फार्मर आईडी निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला एवं प्रखंड स्तर पर लगातार अनुश्रवण (मॉनिटरिंग) करते हुए अभियान में अपेक्षित प्रगति लाने पर भी जोर दिया।

बैठक में अंचलाधिकारियों को कृषकों के म्यूटेशन एवं परिमार्जन से संबंधित मामलों का त्वरित निष्पादन कर अभियान को गति देने का निर्देश दिया गया। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को समन्वय, प्रतिबद्धता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी उपस्थित रहे।