चमोली में हिंसक कुत्तों का खौफ, 10 स्कूल चार दिन बंद; ऑनलाइन होगी पढ़ाई
- Post By Admin on Aug 20 2026
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ क्षेत्र में आवारा और हिंसक कुत्तों के बढ़ते आतंक को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। क्षेत्र के 10 विद्यालयों को चार दिनों के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सरस्वत की ओर से जारी आदेश के अनुसार नारायणबगड़ क्षेत्र के संबंधित 10 विद्यालयों में 20 अगस्त से 23 अगस्त तक नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होंगी। इस दौरान बच्चों को विद्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आवारा और हिंसक कुत्तों की समस्या के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई थी। इसी को देखते हुए प्रशासन और शिक्षा विभाग ने स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है।
हालांकि, स्कूल बंद रहने के दौरान बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाओं की व्यवस्था की जाएगी, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ शैक्षणिक गतिविधियां भी जारी रह सकें। मुख्य शिक्षा अधिकारी के आदेश में बताया गया है कि यह निर्णय जिलाधिकारी चमोली के निर्देश तथा क्षेत्र पंचायत प्रमुख नारायणबगड़ की ओर से भेजे गए पत्र के आधार पर लिया गया है। शिक्षा विभाग ने क्षेत्र में उत्पन्न स्थिति को देखते हुए फिलहाल चार दिनों के लिए विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनकी शिक्षा को भी निर्बाध बनाए रखना है।