ऑनलाइन गेमिंग की लत पड़ी भारी, युवक ने गंवाए 1.77 करोड़ रुपए
- Post By Admin on Mar 11 2026
उत्तराखंड : ऑनलाइन गेमिंग और जल्दी मुनाफा कमाने के लालच में एक युवक द्वारा बड़ी रकम गंवाने का मामला सामने आया है। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के एक 18 वर्षीय युवक ने ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में अपने किसान पिता के मुआवजे के करीब 1.77 करोड़ रुपए ठगों को ट्रांसफर कर दिए। इस मामले में देहरादून स्थित साइबर अपराध थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार युवक ने जनवरी 2025 में प्ले स्टोर से कुछ ऑनलाइन गेमिंग एप डाउनलोड किए और उनमें पैसे लगाना शुरू किया। जून 2025 में इन एप के बंद होने के बाद उसे एक अन्य गेमिंग वेबसाइट का विज्ञापन मिला। वेबसाइट पर जानकारी दर्ज करने के बाद उसके व्हाट्सऐप पर विदेशी कोड वाले कई अज्ञात नंबरों से संदेश आने लगे और उसे कथित तौर पर विशेष लिंक भेजे गए।
जालसाजों ने युवक को कम पैसे लगाकर दोगुना मुनाफा कमाने का झांसा दिया। शुरुआत में मामूली लाभ दिखाकर उसका भरोसा जीत लिया गया। इसके बाद युवक ने अपने और अपने पिता के विभिन्न बैंक खातों से लगातार यूपीआई के माध्यम से रकम भेजनी शुरू कर दी। जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच उसने कुल मिलाकर लगभग 1.77 करोड़ रुपए ठगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
जब युवक ने अपनी मूल रकम और कथित मुनाफा वापस मांगा तो जालसाजों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और उल्टे और धन जमा कराने का दबाव बनाने लगे। ठगी का एहसास होने पर युवक सदमे में आ गया और उसने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालांकि समय रहते उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।
साइबर अपराध थाना के अपर पुलिस अधीक्षक कुश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। युवक ने जिस मोबाइल फोन से लेनदेन किया था, उसे भी बाद में बेच दिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित का परिवार किसान है और युवक स्नातक स्तर का छात्र है। उसके पिता को दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन के बदले मुआवजे के रूप में बड़ी राशि मिली थी, जो इस साइबर ठगी में चली गई। मामले की जांच जारी है।