हर-हर महादेव के जयकारों के साथ खुले केदारनाथ धाम के कपाट, वीडियो-रील बनाने पर रोक

  • Post By Admin on Apr 22 2026
हर-हर महादेव के जयकारों के साथ खुले केदारनाथ धाम के कपाट, वीडियो-रील बनाने पर रोक

रुद्रप्रयाग : विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोल दिए गए। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। मंदिर को 51 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे पूरा धाम भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (formerly Twitter) पर लिखा कि कपाट खुलने के इस पावन अवसर पर उत्तराखंड की दिव्य भूमि पर चारधाम यात्रा के लिए सभी श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम और चारधाम यात्रा आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव है, जो भारत की सनातन संस्कृति के दर्शन कराती है। उन्होंने सभी यात्रियों की सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की। उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने भी श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।

मंदिर परिसर में सख्ती, मोबाइल और वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध

इस बार मंदिर प्रशासन ने सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं। मंदिर परिसर में रील बनाना, वीडियोग्राफी करना और मोबाइल फोन का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। रुद्रप्रयाग की एसपी निहारिका तोमर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल काउंटर और लॉकर सिस्टम की व्यवस्था की गई है। साथ ही, बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और मंदिर की पवित्रता बनाए रखने में सहयोग दें।

ठंड से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी

अक्षय तृतीया (19 अप्रैल) से चारधाम यात्रा के आधिकारिक शुभारंभ के बाद बेस कैंपों में तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ जुट रही है। हाल ही में हुई बर्फबारी के कारण तापमान जमाव बिंदु के करीब है, ऐसे में श्रद्धालुओं को भारी ऊनी कपड़े साथ रखने की सलाह दी गई है।