राष्ट्रीय स्तर पर चमके सुनील कुमार, सामाजिक सुरक्षा प्रशिक्षण में निभाई अहम भूमिका

  • Post By Admin on Jun 17 2026
राष्ट्रीय स्तर पर चमके सुनील कुमार, सामाजिक सुरक्षा प्रशिक्षण में निभाई अहम भूमिका

मुजफ्फरपुर : असंगठित श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को मालीघाट स्थित सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन में संस्थान के अध्यक्ष धीरज कुमार की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अनुभवों और उससे प्राप्त जानकारी को साझा किया गया।

धीरज कुमार ने बताया कि वी.वी. गिरि राष्ट्रीय श्रम संस्थान (वीवीजीएनएलआई), नोएडा द्वारा 8 से 12 जून 2026 तक “असंगठित श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा” विषय पर पांच दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के पाठ्यक्रम निदेशक डॉ. मनोज जाटव थे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बिहार, पंजाब, गुजरात, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से श्रमिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, यूनियन प्रतिनिधियों तथा जनसंगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। बिहार से ग्राम विचार मंच, डुमरी (मुजफ्फरपुर) के अध्यक्ष संतोष कुमार, संयुक्त सचिव एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार, गोविन्द चन्द्र साराफ, दिनेश पासवान, बबीता देवी, विक्रम कुमार, संजू देवी और सुमन कुमारी शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत जानकारी दी। प्रमुख सत्रों में सामाजिक सुरक्षा का कानूनी ढांचा, सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 के अंतर्गत असंगठित श्रमिकों के प्रावधान, व्यावसायिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य, कौशल विकास, सरकारी योजनाओं की नई पहल, नेतृत्व विकास, संगठन निर्माण तथा असुरक्षित श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा के प्रभावी मॉडल शामिल रहे।कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण में डॉ. एम.एम. रहमान, प्रभाकर मिश्रा, पी. अमिताभ खुंटिया, पी.के. गोस्वामी, प्रकाश कुमार तथा नागेश निटला सहित कई विशेषज्ञों ने श्रमिक अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को दिल्ली के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। वहीं 12 जून को विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष सत्र में बाल श्रम उन्मूलन, श्रमिक अधिकारों की सुरक्षा और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई। समापन सत्र को संबोधित करते हुए वीवीजीएनएलआई के महानिदेशक डॉ. अरविंद ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के करोड़ों श्रमिकों तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण के अंतिम दिन प्रतिभागियों ने असंगठित श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए एक कार्ययोजना भी तैयार की। इसमें ई-श्रम पंजीकरण को बढ़ावा देने, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने, श्रमिक संगठनों को मजबूत बनाने, महिला श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा जागरूकता तथा कौशल विकास पर विशेष बल दिया गया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें असंगठित श्रमिकों के अधिकारों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की बेहतर समझ मिली है, जिसका लाभ वे अपने-अपने क्षेत्रों में श्रमिक समुदाय तक पहुंचाएंगे।