महान निशानेबाज जसपाल राणा के निधन पर शोक, स्वराज शूटिंग अकादमी में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
- Post By Admin on Jun 17 2026
मुजफ्फरपुर : अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित देश के महान निशानेबाज जसपाल राणा के निधन पर बुधवार को मुजफ्फरपुर के कॉटी पखनाहा स्थित स्वराज शूटिंग अकादमी एंड एजुकेशनल ट्रस्ट में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान अकादमी के निशानेबाजों, प्रशिक्षकों एवं सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत खिलाड़ी को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए ट्रेनर एवं कोच अमित घनशेला ने कहा कि जसपाल राणा केवल एक उत्कृष्ट निशानेबाज ही नहीं थे, बल्कि उन्होंने अपने अनुशासन, समर्पण और शानदार प्रदर्शन से भारतीय खेल जगत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा का जीवन संघर्ष, प्रतिबद्धता और उत्कृष्टता का प्रेरणादायी उदाहरण है, जिससे युवा खिलाड़ी हमेशा सीख लेते रहेंगे। सभा में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि भारतीय निशानेबाजी में जसपाल राणा का योगदान अविस्मरणीय है। खेल के प्रति उनकी निष्ठा और उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती रहेंगी। सभी उपस्थित लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के अंत में पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत खिलाड़ी को श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके आदर्शों और खेल भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर उज्ज्वल कुमार, श्रेया भारद्वाज, स्वराज भारद्वाज, अरिजय राज सिंह, सुमेघा सिंह, प्रतीक मिश्रा, समर कुमार सिंह, नवीन कुमार, अनिरुद्ध सिंह सहित रेंज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि जसपाल राणा की उपलब्धियां और उनकी विरासत भारतीय निशानेबाजी के इतिहास में सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेंगी।