ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मिलेगी रफ्तार, MRF, कम्पोस्ट प्लांट और सैनिटरी लैंडफिल के लिए भूमि चयन तेज करने का निर्देश

  • Post By Admin on Jun 18 2026
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मिलेगी रफ्तार, MRF, कम्पोस्ट प्लांट और सैनिटरी लैंडफिल के लिए भूमि चयन तेज करने का निर्देश

लखीसराय: स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत लखीसराय जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को वैज्ञानिक एवं स्थायी स्वरूप देने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। गुरुवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर परिषद लखीसराय, बड़हिया और सूर्यगढ़ा के लिए मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF), कम्पोस्ट प्लांट तथा सैनिटरी लैंडफिल (SLF) के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि के चयन और उपलब्धता पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की वैज्ञानिक व्यवस्था विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए नगर निकाय क्षेत्रों में आधुनिक अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना की जाएगी, जिससे कचरे का वैज्ञानिक निष्पादन, पुनर्चक्रण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। डीएम ने संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नगर परिषदों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित मानकों के अनुरूप उपयुक्त भूमि का शीघ्र चयन एवं सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि चयन के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां कम से कम 16 फीट चौड़ी सड़क से पहुंच हो, नदी, तालाब, झील तथा आवासीय एवं संस्थागत भवनों से न्यूनतम 200 मीटर की दूरी हो, क्षेत्र जलजमाव और बाढ़ से मुक्त हो, नगर निकाय सीमा से 5 से 6 किलोमीटर के भीतर स्थित हो, उच्च वोल्टेज बिजली लाइनों से प्रभावित न हो तथा भूमि विवाद रहित एवं स्पष्ट स्वामित्व वाली हो।

बैठक में बताया गया कि तीनों नगर निकायों के लिए MRF एवं कम्पोस्ट प्लांट की स्थापना हेतु 1.55 एकड़ तथा सैनिटरी लैंडफिल के लिए 5 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को भूमि चयन की प्रक्रिया में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि परियोजनाओं का कार्य जल्द शुरू किया जा सके। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण तथा स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, नगर परिषद लखीसराय, सूर्यगढ़ा एवं बड़हिया के कार्यपालक पदाधिकारी, संबंधित अंचल अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।