लखीसराय के चौरा राजपुर में विकास की नई पहल, सड़क, स्वास्थ्य केंद्र और स्टेडियम निर्माण की अनुशंसा

  • Post By Admin on Jun 18 2026
लखीसराय के चौरा राजपुर में विकास की नई पहल, सड़क, स्वास्थ्य केंद्र और स्टेडियम निर्माण की अनुशंसा

लखीसराय: सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर के तृतीय चरण के तहत सूर्यगढ़ा प्रखंड की चौरा राजपुर पंचायत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री एवं लखीसराय जिला प्रभारी मंत्री सुनील कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आवेदन देकर सड़क, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा।

कार्यक्रम के बाद चौरा राजपुर पंचायत एवं आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास को लेकर ग्रामीण कार्य मंत्री तथा ग्रामीण कार्य विभाग के आप्त सचिव की ओर से विभिन्न विभागों को आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए अनुशंसा पत्र भेजे गए हैं। इन प्रस्तावों का उद्देश्य दूरस्थ एवं जनजातीय बहुल क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं का विस्तार कर स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। ग्रामीण कार्य विभाग को भेजी गई अनुशंसाओं में पीरी बाजार से लहसोरवा तक सड़क निर्माण, लहसोरवा पथ से दुमनी पंचायत सरकार भवन तक सड़क निर्माण तथा बंगाली बांध से पंचायत भवन चौरा राजपुर होते हुए कोड़ासी एवं टाली कोड़ासी से जलप्पा स्थान तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव शामिल है। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी।

स्वास्थ्य विभाग को भेजे गए प्रस्ताव में चौरा राजपुर पंचायत में स्वास्थ्य केंद्र अथवा उपकेंद्र की स्थापना की अनुशंसा की गई है। बताया गया कि यह पंचायत जिला एवं प्रखंड मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित है और यहां स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में स्वास्थ्य केंद्र बनने से स्थानीय लोगों को प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी। खेल विभाग को भेजे गए प्रस्ताव में चौरा राजपुर पंचायत में खेल मैदान एवं स्टेडियम के निर्माण की अनुशंसा की गई है। जनजातीय बहुल इस क्षेत्र में फुटबॉल और क्रिकेट के प्रति युवाओं की विशेष रुचि को देखते हुए खेल अवसंरचना विकसित करने पर जोर दिया गया है, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिल सके।

प्रस्तावित विकास योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इन विकासात्मक पहलों का स्वागत करते हुए प्रभारी मंत्री सुनील कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया।