मुजफ्फरपुर: जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर शनिवार को मुजफ्फरपुर के बड़ी पोखर, यजुआर में आयोजित मैथिली बुद्धिजीवी विचार संगोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय बुद्धिजीवियों से संवाद किया और परिसीमन, सरकारी तंत्र के इस्तेमाल तथा आगामी पंचायत चुनाव को लेकर अपनी बात रखी।

प्रशांत किशोर ने यजुआर गांव में आने को लेकर कहा कि यह एक बड़ा गांव है, लेकिन पदयात्रा और चुनाव प्रचार के दौरान वह यहां नहीं पहुंच पाए थे। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनकी कोशिश बिहार के उन गांवों तक पहुंचने की है, जहां पहले नहीं गए हैं और वहां के लोगों से सीधे संवाद करने की है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की लंबे समय से गांव आने की मांग थी, जिसके बाद वह यहां पहुंचे। परिसीमन के मुद्दे पर प्रशांत किशोर ने कहा कि लोकसभा सीटों का परिसीमन संवैधानिक प्रक्रिया के तहत होना चाहिए, लेकिन इसके पीछे सरकार की मंशा को लेकर लोगों में विरोध और चिंता है। उन्होंने कहा कि लोगों का मानना है कि यदि सरकार लोकसभा सीटों की सीमाओं का दोबारा निर्धारण करती है, तो इसके जरिए भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने परिसीमन की प्रक्रिया और सरकार की नीयत को लेकर लोगों के बीच उठ रही आशंकाओं का उल्लेख किया। पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री की सोशल मीडिया पोस्ट साझा किए जाने के सवाल पर प्रशांत किशोर ने सरकार और प्रशासनिक तंत्र के संबंधों पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पद पर रहने वाले व्यक्ति के साथ अधिकारियों का चलना स्वाभाविक है, लेकिन सरकारी धन और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। इस संबंध में उन्होंने सत्ता में बैठे लोगों की जिम्मेदारी बताते हुए बिहार में सरकारी तंत्र के इस्तेमाल को लेकर आरोप भी लगाए।

पंचायत चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने लोगों से जाति, धर्म और पैसे के लालच से ऊपर उठकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों की जिंदगी में सुधार तभी आएगा, जब वे पंचायत स्तर पर अच्छे और ईमानदार प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। केवल भाषण देने, सवाल उठाने और चर्चा करने से जीवन में बदलाव नहीं आएगा। उन्होंने विधानसभा और लोकसभा चुनावों में हुई गलतियों को पंचायत चुनाव में नहीं दोहराने की अपील करते हुए मुखिया, सरपंच, जिला पार्षद और प्रमुख जैसे पदों पर अच्छे लोगों को चुनने की बात कही। उनके अनुसार, सही जनप्रतिनिधियों के चयन से विकास को गति मिल सकती है और भ्रष्टाचार कम करने में मदद मिल सकती है।