मुजफ्फरपुर: बिहार विकास संघर्ष समिति की ओर से रविवार, 29 नवंबर 2026 को सकरा फरीदपुर स्थित विजन वैली हॉल में बिहार की राजनीतिक एवं सामाजिक स्थिति तथा आम जनता की समस्याओं को लेकर सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के संयोजक राजाराम ने की। सेमिनार में महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, किसानों की समस्याओं और गरीब परिवारों को आवासीय भूमि उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
सेमिनार को संबोधित करते हुए समिति के संयोजक राजाराम ने एकता, संघर्ष और परिवर्तन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण आम लोगों की परेशानी बढ़ रही है, वहीं शिक्षा के स्तर में गिरावट भी चिंता का विषय है। उन्होंने प्रत्येक पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने, किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाने और जरूरतमंद गरीब परिवारों को बसेरा-2 योजना के तहत वासगीत पर्चा निर्गत करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि बसेरा-2 योजना के तहत वासगीत पर्चा नहीं मिलने से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर समिति ने व्यापक आंदोलन करने की चेतावनी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ कठपुतली कलाकार एवं लोक गायक सुनील कुमार ने प्रेरणादायक जनगीत ‘चलो जिंदगी के गीत’ और ‘तू ज़िंदा है, तू ज़िंदगी की जीत पर यकीन कर’ प्रस्तुत कर किया। उनके गीतों के माध्यम से संघर्ष, उम्मीद और सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया गया। वहीं, परशुराम पाठक ने अपने जनगीत ‘हक के लड़इया’ के माध्यम से लोगों को अधिकारों के प्रति जागरूक होने और अपने हक के लिए संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
सेमिनार में परशुराम पाठक, कठपुतली कलाकार एवं लोक गायक सुनील कुमार, डॉ. राजेश कुमार बौद्ध, अशोक देशभक्त, सुनील कुमार, राजकिशोर राम, डॉ. मनीष कुमार, इंद्रजीत कुमार सक्सेना, राजेश रंजन, सीमा देवी, राजो देवी, सत्येंद्र सहनी, ममता देवी, ललिता देवी और मोहम्मद अशरफ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजकिशोर राम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शंकर चौधरी ने किया।
















