मुजफ्फरपुर : सकरा प्रखंड के मझौली पंचदही गांव में आयोजित विश्वकल्याणार्थ श्रीराम कथा महायज्ञ एवं सामूहिक विवाह समारोह का गुरुवार को समापन हो गया। नौवें और अंतिम दिन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ 11 बच्चों का सामूहिक जनेऊ संस्कार कराया गया, जबकि 21 कन्याओं का निशुल्क सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। आयोजन हिंदूवादी नेता वैभव मिश्रा के संरक्षण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर कथा वाचक श्री लक्ष्मण दास जी ने आयोजन समिति के सदस्यों को सम्मान चिह्न और अंगवस्त्र देकर आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।

आयोजन के संरक्षक वैभव मिश्रा ने कहा कि इस महायज्ञ का उद्देश्य हिंदू समाज को आर्थिक और धार्मिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि मेले में जरूरतमंद हिंदू परिवारों को प्राथमिकता देते हुए दुकानें उपलब्ध कराई गईं। हिंदू परंपरा में कन्यादान को महादान माना गया है। इसी भावना के तहत जरूरतमंद परिवारों की 21 कन्याओं का निशुल्क विवाह कराया गया।

विश्व सनातन सेना के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने और जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन को सनातन संस्कृति और सामाजिक सहभागिता का संगम बताया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का बिना जातिगत भेदभाव के विवाह कराया गया।

आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन में अब तक बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, सकरा विधायक आदित्य कुमार, भाजपा नेत्री पूनम वर्मा, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष आचार्य चन्द्रकिशोर पाराशर, विश्व सनातन सेना के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार और राजद नेत्री रश्मि गौतम सहित उत्तर बिहार के कई गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में संरक्षक वैभव मिश्रा, अध्यक्ष चंद्रभूषण मिश्रा, संयोजक गौरव मिश्रा, उपाध्यक्ष सुमन मिश्रा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पंचदही गांव के लोगों ने सहयोग किया।