लखीसराय : परिवार नियोजन कार्यक्रम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लखीसराय जिले में 7 से 19 दिसंबर 2026 तक पुरुष नसबंदी सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 29 नवंबर से 6 दिसंबर तक दंपति संपर्क पखवाड़ा चलेगा। अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को सदर अस्पताल के सभागार में सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग और जीविका के अधिकारियों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में सिविल सर्जन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया। इसमें एसीएमओ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम), जिला सामुदायिक उत्प्रेरक (डीसीएम), जीविका के एचएन मैनेजर सहित विभिन्न प्रखंडों के स्वास्थ्यकर्मी और जीविका की टीम के सदस्य शामिल हुए। अभियान की तैयारियों के लिए 23 से 28 नवंबर तक योजना निर्माण का चरण निर्धारित किया गया है। इस दौरान स्वास्थ्य संस्थानों को पत्र भेजने, सर्जन और उनकी टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने, निर्धारित सेवा दिवस की कार्ययोजना तैयार करने तथा जिला एवं प्रखंड स्तर पर अंतरविभागीय बैठकें आयोजित करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इसके बाद 29 नवंबर से 6 दिसंबर तक आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर योग्य दंपतियों से संपर्क करेंगी और इच्छुक लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करेंगी। 7 दिसंबर को अभियान की शुरुआत के अवसर पर स्वास्थ्य मेला और मीडिया ब्रीफिंग आयोजित होगी। वहीं, 7 से 19 दिसंबर तक जिले के चिह्नित स्वास्थ्य केंद्रों पर नसबंदी और परिवार नियोजन की अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
नसबंदी कराने पर लाभार्थी को मिलेंगे 3 हजार रुपए
अभियान के दौरान सदर अस्पताल, रेफरल अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में परिवार नियोजन की विभिन्न सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी। इनमें पुरुष नसबंदी, महिला बंध्याकरण, कॉपर-टी, गर्भनिरोधक गोलियां, गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा, कंडोम और परिवार नियोजन संबंधी परामर्श शामिल हैं। प्रसव के बाद, सामान्य अंतराल के दौरान और गर्भपात के बाद भी परिवार नियोजन के उपयुक्त साधन अपनाने की सुविधा मिलेगी। पुरुष नसबंदी को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से लाभार्थी को 3,000 रुपए तथा उत्प्रेरक को 400 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाना और दंपतियों को उपलब्ध विकल्पों के प्रति जागरूक करना है।
प्रखंडवार निर्धारित किए गए लक्ष्य
बैठक में परिवार नियोजन की विभिन्न सेवाओं के लिए संस्थानवार लक्ष्य भी निर्धारित किए गए। प्रत्येक प्रखंड में 80 महिला बंध्याकरण और पांच पुरुष नसबंदी का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, जिला अस्पताल और अनुमंडल अस्पताल सहित प्रत्येक प्रथम रेफरल इकाई (एफआरयू) के लिए 150 महिला बंध्याकरण और 10 पुरुष नसबंदी का लक्ष्य निर्धारित है।
कॉपर-टी लगाने के लिए प्रत्येक पीएचसी और सीएचसी में 50, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 15 तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र में पांच का लक्ष्य रखा गया है। गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा के लिए पीएचसी में 50, एपीएचसी में 25 और स्वास्थ्य उपकेंद्र में 10 खुराक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से गर्भनिरोधक सामग्री के वितरण का लक्ष्य भी तय किया गया है। प्रत्येक आशा को 50 कंडोम, माला-एन की 20 साइकिल, छाया की 20 स्ट्रिप और आपातकालीन गर्भनिरोधक गोली ईजी की 10 इकाइयां वितरित करने का लक्ष्य दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पूरे लखीसराय जिले में 560 महिला बंध्याकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के माध्यम से सही उम्र में विवाह, पहले बच्चे के जन्म में उचित देरी, दो बच्चों के बीच पर्याप्त अंतराल और परिवार पूरा होने के बाद स्थायी परिवार नियोजन साधन अपनाने के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि परिवार नियोजन की निःशुल्क सेवाओं और परामर्श का लाभ लेने के लिए अपने क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), आंगनबाड़ी सेविका, विकास मित्र, जीविका दीदी अथवा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
















