मुजफ्फरपुर: आमगोला स्थित शुभानंदी के प्रतिभा सभागार में उत्तर छायावाद के अग्रणी कवि राम इकबाल सिंह राकेश की पुण्यतिथि पर महाकवि राकेश स्मृति पर्व का आयोजन किया गया। महाकवि राकेश स्मृति समिति और नवसंचेतन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में साहित्यकारों, शिक्षाविदों और कवियों ने उनके साहित्यिक योगदान, व्यक्तित्व एवं रचनाधर्मिता को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर शिक्षाविद रवीन्द्र झा को महाकवि राकेश पद्मरागा सम्मान से सम्मानित किया गया।
विषय प्रवर्तन करते हुए डॉ. संजय पंकज ने कहा कि महाकवि राकेश लोक जीवन और जन संवेदना के बड़े कवि थे। अपने यौवनकाल में उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश में रहते हुए उन्होंने साहित्य लेखन के साथ कई पत्रिकाओं का संपादन किया। उनकी रचनाओं में भारतीय संस्कृति, चिंतन, जन संवेदना और लोक आस्था के विविध मूल्य समाहित हैं। उनकी कविताओं में शौर्य, पराक्रम, ओज, विद्रोह और स्वाभिमान के प्रखर स्वर के साथ अंतःचेतना, जीवन सत्य और लोक जीवन का व्यापक चित्रण मिलता है।
डॉ. संजय पंकज ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि राकेश की कविताओं में गांव की प्रकृति, मिट्टी, सामाजिकता और ग्रामीण जीवन का वैभव सहज एवं व्यापक सौंदर्य के साथ अभिव्यक्त हुआ है। गद्य साहित्य में भी उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा। लोक संस्कृति और लोक साहित्य उनके प्रिय विषय थे। भाषा एवं शिल्प के स्तर पर सुसंस्कृत और अभिव्यक्ति के स्तर पर प्रगतिशील कवि राकेश ने महाकाव्यात्मक औदात्य से युक्त कई लंबी रचनाओं का सृजन किया। उनके मैथिली लोकगीत भी विशिष्ट पहचान रखते हैं। चट्टान, गांडीव, मेघ दुंदुभी, गंध ज्वार और पद्मरागा जैसे काव्य संग्रह उनकी रचनात्मकता, काव्य संरचना और शिल्पगत विशेषताओं को उजागर करते हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. पूनम सिन्हा ने कहा कि राकेश कृषि संस्कार के समृद्ध रचनाकार थे। उनकी कविताओं में किसान के जीवन संघर्ष, कृषि कार्य की जटिलता और ग्रामीण जीवन की संवेदनाओं को प्रमुखता से स्थान मिला है। उनकी रचनाओं में जीवन, समाज, प्रकृति और समय के विविध रंग दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि राकेश की कृतियों में कविता का सार्वदेशिक और सार्वकालिक सौंदर्य पाठकों को प्रभावित करता है। जिस तरह लमही की मिट्टी ने प्रेमचंद को जन्म दिया, उसी तरह भदई की मिट्टी ने राम इकबाल सिंह राकेश को जन्म दिया, जिनकी रचनाएं आने वाली पीढ़ियों तक अपनी साहित्यिक गुणवत्ता और पहचान बनाए रखेंगी। राकेश के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद उनके जामाता ब्रजभूषण शर्मा ने स्वागत संबोधन किया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि राकेश जी ने उनकी गोद में अंतिम सांस ली थी। उन्होंने साहित्य को बचाने और नई पीढ़ी से निरंतर संवाद बनाए रखने के लिए प्रेरित किया था। उनके माध्यम से उन्हें उस दौर के अनेक बड़े साहित्यकारों से मिलने और उनका स्नेह प्राप्त करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाकवि राकेश के सरल, निर्भीक और स्पष्टवादी व्यक्तित्व के साथ साहित्य एवं लोक के प्रति उनकी गहरी निष्ठा को भी याद किया। अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. देवव्रत अकेला ने कहा कि कविवर राकेश साहित्य के सच्चे और समर्पित साधक थे। उनकी कविता भाव और भाषा दोनों स्तरों पर समृद्ध है तथा लोक और जन सरोकारों से गहराई से जुड़ी हुई है।
महाकवि राकेश पर पीएचडी शोध करने वाले डॉ. केशव किशोर कनक ने कहा कि उनकी कविताओं में निहित जीवन मूल्य उन्हें मानवतावादी दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण कवि बनाते हैं। उनके व्यक्तित्व का अक्खड़पन कबीर की चेतना से जुड़ता है, जबकि उनकी वैचारिकता तुलसी के लोकमंगल भाव से प्रेरित दिखाई देती है। उन्होंने राकेश की भाषा को सुसंस्कृत, परिमार्जित और व्याकरण सम्मत उच्चकोटि की भाषा बताया। डॉ. सरोज कुमार वर्मा ने कहा कि राकेश की कविताएं अच्छी भाषा और भावनात्मक अभिव्यक्ति के लिए प्रेरित करती हैं तथा उनकी साहित्यिक उपलब्धियों को भुलाया नहीं जा सकता। एमडीडीएम कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश रंजन ने उनकी साहित्य साधना को प्रेरक बताते हुए कहा कि कवि राकेश कविता की श्रेष्ठता के प्रतिमान हैं। इस अवसर पर शिक्षाविद रवीन्द्र झा को महाकवि राकेश पद्मरागा सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि राकेश जी साहित्य की विभूति थे और उन्हें भी उनके दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ था।
कार्यक्रम में प्रणय कुमार, अनिल मिश्रा, प्रेमभूषण, प्रमोद आजाद, राकेश कुमार सिंह, श्रवण कुमार, डॉ. संगीता साह, माला कुमारी, चैतन्य चेतन, सोनू कुमार, अभिजीत कुमार और रमण कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। स्मृति पर्व के दूसरे सत्र में कविगोष्ठी आयोजित हुई, जिसमें उपस्थित कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। डॉ. संजय पंकज ने गीत, गजल और दोहे प्रस्तुत किए। उनके गीत की पंक्तियों ने जीवन की निष्ठा और नश्वरता का भाव उकेरा। डॉ. सरोज कुमार वर्मा ने पुत्र पर केंद्रित दो भावप्रवण कविताएं सुनाईं, जिससे श्रोता भावुक हो उठे। श्रवण कुमार ने कई गजलें प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम का संचालन संजय पंकज ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रमोद आजाद और दूसरे सत्र में चैतन्य चेतन ने किया।
















