मुजफ्फरपुर: कांटी और मड़वन प्रखंड के 10 प्रमुख स्थानों पर 12 मीटर ऊंची सोलर हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। कांटी विधायक ई. अजीत कुमार के प्रयास से इस योजना को मंजूरी मिली है। रविवार को विधायक और एनटीपीसी के अधिकारियों के बीच हुई बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया। एनटीपीसी के सीएसआर मद से अगले एक माह के भीतर लाइट लगाने का कार्य शुरू होने की संभावना है। बैठक में क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई अन्य योजनाओं पर भी सहमति बनी।

निर्णय के अनुसार कांटी के बिरपुर हनुमान मंदिर, कांटी थाना परिसर, मणिकपुर चौक, नया बाजार मुस्तफापुर, मड़वन के खलीलपुर मठ, प्रतापपुर चैनपुर चौक, कांटी के देवी चौक नारायणपुर, गोदाई मुसहर टोला चौक, असनगर बाजार तथा एनटीपीसी मुसहर कॉलोनी कलबारी में सोलर हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। विधायक ई. अजीत कुमार ने बताया कि इन सभी स्थानों पर अगले एक माह के भीतर लाइट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बैठक में अगले वित्तीय वर्ष के दौरान क्षेत्र के 10 पोखरों पर छठ घाटों के निर्माण और इलेक्ट्रिक हाईमास्ट लाइट लगाने की योजना पर भी चर्चा हुई। इस योजना के लागू होने से छठ व्रतियों को सुविधा मिलेगी तथा संबंधित इलाकों में रोशनी की व्यवस्था बेहतर होगी।

शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एनटीपीसी के सीएसआर मद से कांटी और मड़वन के 10 भवनहीन विद्यालयों में विद्यालय भवन निर्माण के साथ अतिरिक्त वर्ग कक्षों का निर्माण कराने पर भी सहमति बनी। इससे विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और पर्याप्त कक्षाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। विधायक ई. अजीत कुमार ने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एनटीपीसी के सहयोग से इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी और आम लोगों को सुविधाओं का लाभ मिलेगा। बैठक में एनटीपीसी के परियोजना प्रमुख पंकज कुमार गुप्ता, जीएम कैलाश प्रसाद सत्पथी, पीआर डिब्बारमा, विपुल श्रीवास्तव, एजीएम अजय प्रसाद, डीजीएम संजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।