मथुरा: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने शुक्रवार रात गोवर्धन स्थित गिरिराज महाराज की पूर्ण परिक्रमा पैदल पूरी की। दो दिवसीय मथुरा दौरे के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ भक्ति भाव से परिक्रमा की, जिसे पूरा करने में करीब साढ़े चार घंटे लगे। इस दौरान वह भजन-कीर्तन और भगवान के जयकारों में शामिल रहे।

शुक्रवार शाम अनंत अंबानी गोवर्धन के जातिपुरा स्थित गंगा धाम पहुंचे। कुछ देर विश्राम के बाद उन्होंने गिरिराज मुखारविंद मंदिर में दर्शन किए और श्रृंगार आरती में भाग लिया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ गिरिराज जी को 280 किलो छप्पन भोग अर्पित किया। मंदिर सेवायतों की ओर से उन्हें प्रसाद और गिरिराज जी की पटुका भेंट की गई। इसके अलावा उन्होंने मदन मोहन जी मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। भगवा कुर्ते और पीली पगड़ी में अनंत अंबानी अन्य श्रद्धालुओं के साथ पैदल गोवर्धन परिक्रमा करते नजर आए। परिक्रमा मार्ग पर उन्होंने भक्तों के साथ भजन-कीर्तन और ‘हरे राम, हरे कृष्ण’ के संकीर्तन में हिस्सा लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया।

अंबानी परिवार की पुष्टिमार्ग वैष्णव परंपरा और श्रीनाथजी के प्रति आस्था के अनुरूप अनंत अंबानी ने पुष्टिमार्ग के प्रमुख केंद्र नाथद्वारा के आचार्य एवं अपने पुष्टिगुरु चिरंजीवी श्री गोस्वामी विशाल बावासाहब की उपस्थिति में परिक्रमा पूरी की। परिक्रमा के दौरान उन्होंने श्री गिरिराज जी सहित पुष्टिमार्ग से जुड़े विभिन्न पवित्र स्थलों पर दंडवत प्रणाम भी किया। परिक्रमा मार्ग के दौरान अनंत अंबानी और उनके गुरु ने रास्ते की स्थिति, आधारभूत सुविधाओं और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर सेवा-संकल्प लिया गया। इस योजना में गोवर्धन परिक्रमा मार्ग, मुखारविंद और पुष्टिमार्ग से जुड़े प्रमुख धरोहर स्थलों का विकास, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं तथा स्थानीय ब्रजवासी परिवारों के बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने की योजना शामिल है। इसके साथ ही धार्मिक स्थलों की पवित्रता और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखने पर भी जोर दिया जाएगा।

इस विकास योजना के प्रथम चरण के लिए रिलायंस समूह ने प्रारंभिक तौर पर 18 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इसके साथ भविष्य में गिरिराज जी की परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए ‘विशाल एवं अनंत भोज’ के तहत प्रसादी भोजन की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। परिक्रमा पूरी करने के बाद अनंत अंबानी ने कहा कि बचपन से ही उनकी इच्छा गिरिराज जी की पूर्ण परिक्रमा करने की थी। उन्होंने कहा कि आज वह जो कुछ भी हैं, अपने दादा-दादी के आशीर्वाद और योगदान के कारण हैं। उन्होंने बताया कि उनकी दादी कोकिलाबेन अंबानी इस यात्रा से काफी प्रसन्न हुईं। शनिवार सुबह अनंत अंबानी ने वृंदावन में बांके बिहारी जी के दर्शन किए, जिसके बाद वह आगरा के लिए रवाना हुए। इससे पहले सोमवार को उन्होंने देव दीपावली से पूर्व वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए थे। उस दौरान उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर को 5 करोड़ रुपये और मां अन्नपूर्णा मंदिर को 1 करोड़ रुपये दान दिए थे। अनंत अंबानी की धार्मिक यात्राएं और आस्था सार्वजनिक रूप से भी चर्चा में रही हैं। वर्ष 2025 में अपने 30वें जन्मदिन से पहले उन्होंने जामनगर से द्वारकाधीश मंदिर तक पैदल यात्रा भी की थी।