मुजफ्फरपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 140वीं कड़ी का प्रसारण रविवार, 29 नवंबर को हुआ। इस अवसर पर भाजपा मुजफ्फरपुर पूर्वी के जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा की उपस्थिति में अटल सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। कार्यक्रम में बिहार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक विरासत और उपलब्धियों को विशेष स्थान दिए जाने पर दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने कहा कि बिहार को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानपूर्वक प्रस्तुत करना प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है। बिहार केवल एक राज्य नहीं, बल्कि भारत की सभ्यता, ज्ञान, संस्कृति और लोकतांत्रिक चेतना की ऐतिहासिक आधारभूमि रहा है। भगवान बुद्ध और महावीर की तपोभूमि, नालंदा की ज्ञान परंपरा, वैशाली की लोकतांत्रिक विरासत और गौरवशाली ऐतिहासिक धरोहरों वाला बिहार आज नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पटना स्थित बिहार म्यूजियम की सराहना किए जाने को पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया। विवेक कुमार ने कहा कि बिहार म्यूजियम प्रदेश की समृद्ध विरासत, कला और ऐतिहासिक वैभव का जीवंत परिचायक है। उन्होंने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान मिलना प्रदेश के लिए सकारात्मक संदेश है।
विवेक कुमार ने कहा कि बिहार की पहचान अब केवल उसके गौरवशाली अतीत तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन, कृषि, पारंपरिक उत्पादों और विकास की नई संभावनाओं के साथ देश-दुनिया में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा बिहार की उपलब्धियों को ‘मन की बात’ जैसे लोकप्रिय राष्ट्रीय मंच पर स्थान देना युवाओं, किसानों, उद्यमियों और आम नागरिकों का मनोबल बढ़ाने वाला है। बिहार की प्रतिभा, परिश्रम और सामर्थ्य को राष्ट्रीय पहचान मिलना हर बिहारी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद बिहार की अस्मिता और गौरव को सम्मान देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी विरासत पर गर्व करने तथा विकसित बिहार के निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है। ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक विकास के समन्वय से बिहार राष्ट्रीय प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश के लोगों को सकारात्मक कार्यों, सामाजिक दायित्वों और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। बिहार की ऐतिहासिक धरोहर और उपलब्धियों का उल्लेख पूरे राज्य के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कार्यक्रम में नशामुक्त समाज के निर्माण, डिजिटल सुरक्षा के लिए संचार साथी की उपयोगिता, गुड़ के गुणों और उसके उत्पादन को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा को समाज के लिए उपयोगी बताया। सुरेश कुमार शर्मा ने योग, व्यायाम और साइकिलिंग को दैनिक जीवन में अपनाने तथा खाद्य तेल का अत्यधिक उपयोग कम कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रधानमंत्री की अपील को जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला बताया।
दोनों नेताओं ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता, स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन और स्वस्थ समाज के निर्माण का प्रेरणादायी मंच है। इस अवसर पर अर्जुन राम, मोर्चा अध्यक्ष मोनालिसा रॉय, आनंद सिंह, मंडल अध्यक्ष राजन भारद्वाज, राकेश मालाकार, प्रभात रंजन, सुनील रंजन सहित जिला एवं मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















