मुजफ्फरपुर: युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त भारत के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी में ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), मुजफ्फरपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:30 बजे हुई। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित साइकिल चलाने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे प्रदूषण कम करने और ईंधन की बचत में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और नशामुक्त युवा विकसित भारत की मजबूत नींव हैं तथा देश के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा के जिला प्रवक्ता नीतीश कुमार सिंह एवं वार्ड सदस्य सुमन सिंह ने फिट इंडिया अभियान, स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन और सशक्त तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त जीवनशैली अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव का नेतृत्व करने की अपील की। साइकिल रैली सुपना चौक से होते हुए दीप कोचिंग सेंटर, गोरैया, गोरैया दुबियाही पंचायत, प्रखंड कुढ़नी में संपन्न हुई। रैली में छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त भारत के संदेश को अपने परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस दौरान मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर के लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक विनय कुमार मिश्रा ने मुख्य अतिथि मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता और अन्य अतिथियों का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ, प्रतीक चिह्न एवं पौधा भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य और आयोजन से संबंधित जानकारी भी साझा की। इस अवसर पर गोरैया युवा मंडल के अध्यक्ष दीपक कुमार, विनीत कुमार सिंह, चंदन कुमार, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अजीत कुमार संघर्ष, राज श्री राम कुमार एवं सुपक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस और सकारात्मक सामाजिक भागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत’ के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
















