मुजफ्फरपुर: सामाजिक बदलाव के अग्रदूत, स्त्री शिक्षा के प्रबल समर्थक और अंधविश्वास के विरोधी महात्मा ज्योतिराव फुले के 136वें परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर भारतीय पिछड़ा शोषित संगठन (बीपीएसएस) के बैनर तले आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रबोधन सह चिंतन शिविर का रविवार को समापन हुआ। मुजफ्फरपुर के ओरिएंट क्लब स्थित शहनाई बैंक्वेट हॉल में आयोजित शिविर में वैज्ञानिक, धर्मनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित समतामूलक समाज के निर्माण को लेकर प्रशिक्षण और विचार-विमर्श किया गया।

महाराष्ट्र के नागपुर से आए सत्यशोधक प्रबोधनकार अरविंद माली ने शिविर के दौरान दो सत्रों में सामाजिक एवं सांस्कृतिक बदलाव के लिए प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य शरीर से जीवित होने के बावजूद कई बार मानसिक रूप से कमजोर और निष्क्रिय हो जाता है। समाज में बदलाव के लिए मानसिक मजबूती और वैचारिक जागरूकता जरूरी है। इसके लिए ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले और बाबासाहेब आंबेडकर सहित अन्य महापुरुषों के विचारों को आत्मसात करने और उन्हें जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है।

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के स्नातकोत्तर इतिहास विभागाध्यक्ष एवं सीनेटर प्रो. (डॉ.) संजय कुमार ‘सुमन’ ने कहा कि इतिहास को देखने और समझने का नजरिया बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कोई भी सत्य अंतिम नहीं होता और समाज को फुले एवं आंबेडकर जैसे महापुरुषों के विचारों तथा ऐतिहासिक योगदान से सीखने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में बीपीएसएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बैकुंठनाथ भारती, संरक्षक जूनैद आलम, डॉ. ललन भगत और सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। शिविर की शुरुआत कठपुतली कलाकार एवं लोक गायक सुनील कुमार के अभियान गीत से हुई। वहीं, इंदू देवी ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान गीत प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।

इस राज्य स्तरीय प्रबोधन सह चिंतन शिविर में बक्सर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, बेगूसराय, सुपौल, भागलपुर सहित बिहार के विभिन्न जिलों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। दो दिनों तक चले प्रशिक्षण और विचार-विमर्श के दौरान सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक बदलाव और समतामूलक समाज के निर्माण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में पीजी हिंदी विभाग के वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक डॉ. सुशांत कुमार, डॉ. संतोष सारंग, प्रो. उमेश राय, डॉ. विष्णुदेव यादव, शंकर कुशवाहा, दीपक सरोटे, सीएन कॉलेज साहेबगंज के हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अविनाश कुमार, नीरज सिंह, अधिवक्ता शिवकुमार राय, सुनीता कुमारी, डॉ. रिंकु कुमारी, योगेंद्र कुमार रजक, भूपाल भारती, नीरज कुमार, प्रो. रामबाबू चौपाल, पूर्व मुखिया, मीरापुर अधिवक्ता मोहन मुकुल, सोनू सरकार, डॉ. हेम नारायण विश्वकर्मा और बासुदेव पासवान सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।