जनसंख्या संतुलन को लेकर एमडीडीएम कॉलेज में विचारगोष्ठी, छात्राओं ने रखा प्रभावी पक्ष
- Post By Admin on Jul 11 2026
मुजफ्फरपुर : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर महंत दर्शन दास महिला कॉलेज (एमडीडीएम), मुजफ्फरपुर के शिक्षा शास्त्र विभाग की ओर से "संतुलित जनसंख्या, उज्ज्वल भविष्य—समृद्ध बिहार, सशक्त भारत" विषय पर विचारगोष्ठी एवं व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनसंख्या संतुलन, परिवार नियोजन, महिला शिक्षा और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अलका जायसवाल एवं शिक्षा शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. हरिशंकर कुमार के मार्गदर्शन में हुआ। वक्ताओं ने कहा कि संतुलित जनसंख्या ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, आर्थिक विकास और पर्यावरणीय संतुलन की मजबूत नींव है। उन्होंने युवाओं से जनसंख्या नियंत्रण, परिवार नियोजन और महिला सशक्तिकरण के प्रति समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।
विचारगोष्ठी में डॉ. स्मिता गौतम, डॉ. श्रीनिवास सुधांशु, डॉ. सुमंत कुमार, डॉ. पवन कुमार, डॉ. रवि शेखर ठाकुर, डॉ. रंजीत कुमार सिंह, डॉ. साधना कुमारी, डॉ. राजमणि कुमार तथा डॉ. मणिकांत कुमार ने बढ़ती जनसंख्या के सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि संतुलित जनसंख्या विकसित बिहार और सशक्त भारत के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर आयोजित व्याख्यान प्रतियोगिता में छात्राध्यापिकाओं शगुन भारती, ममता कुमारी, सोनाक्षी कुमारी, प्रियंजलि गर्ग एवं पिंकी कुमारी ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में पिंकी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्राध्यापिकाओं एवं शिक्षकों ने जनसंख्या संतुलन, महिला सशक्तिकरण और सतत विकास के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।