सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने अनोखे अंदाज में राम पुकार सिन्हा को दी जन्मदिन की बधाई
- Post By Admin on Dec 31 2024

मोतिहारी : राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) बिहार प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता सह महासचिव राम पुकार सिन्हा ने सोमवार को अपना 50वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद उपेन्द्र प्रसाद कुशवाहा ने श्री सिन्हा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य तथा लंबी उम्र की कामना की। उधर, जन्मदिन के इस खास मौके पर देश के प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अनोखी कलाकृति से राम पुकार सिन्हा को बधाई दी। सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने पांच घंटे के कठिन परिश्रम से दुनिया की सबसे छोटी 3 सेंटीमीटर लंबी पीपल की हरी पत्तियों पर अपनी कला का प्रदर्शन किया। इस कलाकृति में उन्होंने राम पुकार सिन्हा को एक कुशल लेखक, साहित्यकार और राजनीतिज्ञ के रूप में चित्रित किया। साथ ही, उन्होंने भगवान से श्री सिन्हा के सुखद, सफल और स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं भी दीं। राम पुकार सिन्हा, जो पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन क्षेत्र के निवासी हैं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं महासचिव के रूप में कार्यरत हैं। वे ढाका विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ चुके हैं। इसके अलावा, वे एक समाजवादी विचारक, सफल लेखक, पत्रकार और साहित्यकार भी हैं। उनके द्वारा लिखित कई पुस्तकें बिहार विधानसभा के पुस्तकालय में उपलब्ध हैं, जो उनके योगदान को दर्शाती हैं।