जहरीली शराब से मौतों का तांडव : मोतिहारी में सात की मौत, 14 की हालत नाजुक

  • Post By Admin on Apr 05 2026
जहरीली शराब से मौतों का तांडव : मोतिहारी में सात की मौत, 14 की हालत नाजुक

मोतिहारी : बिहार में जहरीली शराब से होने वाली मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से शनिवार को दो और लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद पिछले तीन दिनों में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल ने इन मौतों की पुष्टि की है।

मृतकों की पहचान चंदू कुमार, प्रमोद यादव, परीक्षण मांझी, हीरालाल भगत, लालकिशोर राय, संपत साह और लड्डू साह के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में गुरुवार से मौतों का सिलसिला शुरू हुआ था, जब दो लोगों की जान गई थी। इसके बाद शुक्रवार को तीन और शनिवार को दो अन्य लोगों की मौत हो गई।

वहीं, इस घटना के बाद सदर अस्पताल में कुल 20 लोगों को भर्ती कराया गया है, जिनमें से 14 की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि छह लोगों की आंखों की रोशनी भी चली गई है। गंभीर रूप से बीमार लोगों में लोहा ठाकुर, राहुल कुमार, रविंद्र यादव, दिनेश यादव और उमेश राम शामिल हैं।

मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। प्रशासन की ओर से गांव में माइकिंग कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है और अपील की जा रही है कि 1 अप्रैल से 3 अप्रैल के बीच जिन लोगों ने शराब का सेवन किया है, वे तुरंत सदर अस्पताल पहुंचकर जांच और इलाज कराएं। चिकित्सकों के अनुसार जहरीली शराब पीने से आंखों की रोशनी जाने के साथ-साथ जान का भी खतरा बना रहता है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस सामूहिक त्रासदी की जड़ें पिपराकोठी थाना क्षेत्र से जुड़ी हो सकती हैं। जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के दो कथित स्प्रिट तस्करों कन्हैया और राजा ने मेथनॉल युक्त जहरीले रसायन वाली स्प्रिट की बड़ी खेप मंगवाई थी।

मेथनॉल अत्यंत घातक रसायन माना जाता है, जिसका उपयोग केवल औद्योगिक कार्यों के लिए किया जाता है। हालांकि अधिक मुनाफे के लालच में अवैध शराब बनाने वाले गिरोहों द्वारा इसका इस्तेमाल शराब बनाने में किया जाता है, जिससे ऐसी दुखद घटनाएं सामने आती हैं।

घटना के बाद प्रशासन और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है तथा अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।