डॉ. मनमोहन सिंह और किशोर कुणाल को अर्पित की गई श्रद्धांजलि
- Post By Admin on Dec 31 2024

समस्तीपुर : जिले के विभूति पुर प्रखंड के साख मोहन में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। जिसमें देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष, पूर्व आईपीएस अधिकारी तथा राम मंदिर के संस्थापक किशोर कुणाल के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और सनातन धर्म संस्कृति मंडल के अध्यक्ष डॉ. शंभू कुमार ने शोक व्यक्त करते हुए दोनों विभूतियों के योगदान को याद किया। डॉ. शंभू कुमार ने कहा कि “प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह दुनिया के अद्वितीय अर्थशास्त्रियों में से एक थे। उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को संकट से बाहर निकाला और आम आदमी के कल्याण के लिए कई योजनाओं की शुरुआत की। उनकी योजनाओं के कारण गरीबों को राहत मिली, चाहे वह दस किलो अनाज योजना हो या आवास योजना।
उनका विनम्र स्वभाव और सहनशीलता हमेशा याद रखी जाएगी। एक युग का अंत हो गया, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।” उन्होंने आगे कहा, “वहीं, बिहार राज्य के पूर्व आईपीएस अधिकारी किशोर कुणाल जी का निधन भी अपूरणीय क्षति है। वह जहां रहे, ख्याति प्राप्त की, चाहे वह पुलिस अधिकारी के रूप में हो या धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष के रूप में। उनके नेतृत्व में महावीर मंदिर न्यास ने कई अस्पतालों की स्थापना की और गरीबों को प्रसाद के रूप में भोजन दिया। अयोध्या में लंगर की व्यवस्था भी की। उनके कार्यों से समाज को हमेशा लाभ हुआ।” सभा में शामिल महंत राम भजन दास, निरंजन दास, पंकज प्रताप सिंह, अविता कुमारी, चंदन राय, प्रमोद कुमार, राम कृष्ण सिंह और जुगेश्वर यादव सहित अन्य शोक व्यक्त करने वालों ने भी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।