दूरसंचार सुविधा विस्तार की दिशा में बड़ा कदम, लखीसराय में चार टावरों को मंजूरी
- Post By Admin on Jun 19 2026
लखीसराय : जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के दूरस्थ एवं सेवा-वंचित क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापना तथा बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के सफल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि दूरसंचार मंत्रालय, संचार विभाग, भारत सरकार द्वारा लखीसराय जिले में चार नए मोबाइल टावर स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत विभिन्न विभागों एवं अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद संभावित स्थलों का चयन किया गया है। चयनित स्थलों में हनुमान स्थान, श्रृंगी ऋषि धाम के निकट मोरवे डैम के पीछे का क्षेत्र, लटिया भगवा टोला (कोरासी) तथा सतघरवा महाजनवा शामिल हैं। इन क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापित होने से स्थानीय लोगों को बेहतर नेटवर्क सुविधा मिलेगी तथा डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चयनित स्थलों पर भूमि की उपलब्धता, आवश्यक स्वीकृतियों एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं के विस्तार से शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच अधिक प्रभावी होगी।
बैठक में बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के सुचारु संचालन को लेकर भी चर्चा की गई। परीक्षा के लिए जिले में संभावित 10 परीक्षा केंद्रों के चयन पर विचार किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल और परीक्षार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।