नीट यूजी पुनर्परीक्षा को लेकर डीएम-एसपी अलर्ट, कदाचार रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम

  • Post By Admin on Jun 19 2026
नीट यूजी पुनर्परीक्षा को लेकर डीएम-एसपी अलर्ट, कदाचार रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम

लखीसराय : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट यूजी पुनर्परीक्षा-2026 के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने परीक्षा की गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी अधिकारियों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों की अनावश्यक आवाजाही पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए। जिले में नीट यूजी पुनर्परीक्षा के लिए कुल चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अधिकारियों को परीक्षा शुरू होने से पहले सुबह 9 बजे तक अपने-अपने केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया।

बैठक में बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि परीक्षा एजेंसी द्वारा अधिकृत कर्मी ही बायोमेट्रिक सत्यापन का कार्य करेंगे तथा किसी भी परिस्थिति में उनके स्थान पर अन्य कर्मियों को तैनात नहीं किया जाएगा। केंद्राधीक्षकों को परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, बायोमेट्रिक सत्यापन सूची और अन्य आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में स्थित फोटोकॉपी, स्टेशनरी, साइबर कैफे एवं अन्य संबंधित दुकानों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखा जाएगा। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ जुटने पर रोक लगाने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।बैठक में प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों एवं टाइमर की कार्यशीलता की पूर्व जांच सुनिश्चित करने तथा किसी भी तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान करने पर भी जोर दिया गया।

जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा का सफल एवं निष्पक्ष संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।