सीडब्ल्यूसी की समीक्षा बैठक में डीएम सख्त, लंबित मामलों के जल्द निपटारे का निर्देश
- Post By Admin on Jun 19 2026
लखीसराय : जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) लखीसराय की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों से जुड़े विभिन्न मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बाल कल्याण समिति के समक्ष लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि बच्चों से संबंधित मामलों का निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने समिति के सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों के हितों की प्रभावी सुरक्षा हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गंभीरता और मानवीय दृष्टिकोण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समिति के सदस्यों को बच्चों के साथ मैत्रीपूर्ण वातावरण में कार्य करने तथा उनके सर्वांगीण विकास और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों के हितों की रक्षा के लिए सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा बच्चों के पुनर्वास, संरक्षण एवं कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और बच्चों के सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि जरूरतमंद बच्चों को समय पर सभी आवश्यक सेवाएं और सहायता उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला बाल संरक्षण इकाई की सहायक निदेशक वंदना पाण्डेय, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष मोहन सिंह, सदस्य सिम्मी कुमारी एवं सरिता कुमारी सहित जिला बाल संरक्षण इकाई और बाल कल्याण समिति के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।